Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

पंजाब सचिवालय समेत चार स्कूलों को बम की धमकी

February 27, 2026

पंजाब सचिवालय समेत चार स्कूलों को बम की धमकी

चंडीगढ़ में एक बार फिर पंजाब सचिवालय समेत स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। शहर के चार बड़े प्राइवेट स्कूलों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है। ईमेल में पंजाब सचिवालय को दोपहर 3:11 बजे और स्कूलों को एक बजे उड़ाने की धमकी दी गई है।

इससे पहले 19 फरवरी को भी चंडीगढ़ के सेक्टर-9 में पंजाब सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। जिसके बाद पुलिस ने सचिवालय में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए थे और तलाशी अभियान चलाया गया था। जानकारी के अनुसार, सचिवालय को गुरुवार को यह धमकी ई-मेल भेजकर दी गई थी।

इसके बाद फायर ब्रिगेड के अधिकारी, बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीमें मौके पर पहुंची थीं। सचिवालय में बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई थी। तलाशी अभियान के दौरान कोई भी संदिग्ध सामान या विस्फोटक नहीं मिला था।

बता दें कि देश के किसी न किसी हिस्से में हर दिन स्कूल-कॉलेज, अदालत और सरकारी संस्थानों को धमकियां मिल रही हैं। गुरुवार, 19 फरवरी को भी देश के अलग-अलग शहरों में शैक्षणिक संस्थाओं को धमकियां दी गईं।

दिल्ली से सटे यूपी के नोएडा शहर के एक दर्जन से अधिक स्कूलों को गुरुवार को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए थे। मध्य प्रदेश के भोपाल में स्थित एक यूनिवर्सिटी को बम से उड़ाने की धमकी के बाद हड़कंप मच गया था।

एहतियातन यूनिवर्सिटी की इमारत को खाली कराया गया और सुरक्षाबलों को तैनात किया गया था। मिली जानकारी के अनुसार विश्वविद्यालय को एक ईमेल के जरिए धमकी आई। इस धमकी में विश्वविद्यालय की इमारत को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी।

इसी महीने की 17 तारीख को भी उत्तर प्रदेश के जौनपुर और राजस्थान हाईकोर्ट की जोधपुर बेंच में बम विस्फोट की धमकी दी गई थी। पिछले हफ्ते उत्तराखंड के रामनगर और नैनीताल स्थित न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया था।

‘ऑल इंडिया जजेस एसोसिएशन’ के नाम से भेजे गए एक ईमेल में दावा किया गया था कि जजों के चैंबर में 12 आरडीएक्स बम और आईईडी लगाए गए हैं। हालांकि, जांच पड़ताल में पुलिस को कोई संदिग्ध सामान नहीं मिला था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें