Last Updated: October 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

कालकाजी विधानसभा क्षेत्र में झुग्गियों पर बुलडोजर चलने के बाद भड़की आतिशी, कहा – गरीबों के सिर से छत छीनी जा रही

June 11, 2025

कालकाजी विधानसभा क्षेत्र में झुग्गियों पर बुलडोजर चलने के बाद भड़की आतिशी, कहा – गरीबों के सिर से छत छीनी जा रही

Bulldozer Action : बुधवार की सुबह भाजपा सरकार ने भारी पुलिस बल के साथ दिल्ली के कालकाजी विधानसभा क्षेत्र में स्थित भूमिहीनों के डेरे में बनी झुग्गियों पर बुलडोजर चला दिया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय विधायक और आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता आतिशी ने मौके पर पहुंचकर भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने इसे गरीबों के खिलाफ सुनियोजित कार्रवाई बताया।

आतिशी ने कहा कि भाजपा सरकार गरीबों को उजाड़ने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले खुद दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा था कि एक भी झुग्गी नहीं तोड़ी जाएगी, लेकिन इसके उलट आज सुबह 5 बजे पूरी कॉलोनी पर बुलडोजर चला दिया गया।

विपक्ष की नेता आतिशी ने कहा, “आज सुबह 11 बजे कोर्ट को भूमिहीनों के डेरे पर सुनवाई करनी थी, लेकिन भाजपा सरकार ने सुनवाई से पहले ही झुग्गियों को गिरा दिया। क्या यह न्यायिक प्रक्रिया का अपमान नहीं है?”

उन्होंने दावा किया कि भाजपा की डीडीए और दिल्ली सरकार खुद कोर्ट से आदेश लेकर आई है कि इन झुग्गियों को तोड़ा जाए और गरीबों को मकान न दिए जाएं। इससे साफ है कि भाजपा गरीब विरोधी पार्टी है। आतिशी ने आरोप लगाया कि पिछले 100 दिनों में भाजपा सरकार ने लगातार गरीबों पर वार किया है। बिजली के दाम बढ़ाए गए, निजी स्कूलों की फीस बढ़ाई गई और अब गरीबों के सिर से छत छीनी जा रही है। जल्द ही पानी के दाम भी बढ़ने वाले हैं।

उन्होंने सवाल उठाया कि क्या भाजपा यूपी-बिहार और पूर्वांचल के प्रवासियों को दिल्ली से भगाना चाहती है? गरीब जहां भी रहते हैं, उनके घर तोड़े जा रहे हैं और उन्हें दिल्ली से भगाया जा रहा है। एक तरफ भाजपा बिहार में वोट मांग रही है, दूसरी तरफ यूपी-बिहार के लोगों को दिल्ली में विस्थापित कर रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें