आगरा। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। इसमें पांच घायल हो गए। तेज रफ्तार कार आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से जा घुस गई। हादसा इतना भीषण था घायलों को निकालने के लिए कार को काटना पड़ा। कार का आधा हिस्सा कंटेनर में बुरी तरह फंस गया था।
चुरू की ओर जा रही थी कार
रविवार देररात करीब 1:45 बजे आरएचएस पर बिहार से राजस्थान के चुरू की ओर जा रही कार आगे चल रहे कंटेनर में घुस गई। बताया जा रहा है कि हादसे का कारण चालक को झपकी आना था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार की कंडक्टर साइड पीछे तक फट गई और कंटेनर में फंस गई। कार में सवार मोहम्मद सोएव निवासी सरदारशहर, चुरू वाहन चला रहा था। उनके साथ परमिता कुमारी, राजीव कुमार, पूजा कुमारी, अयान्श, शंकर कुमार, सुनील कुमार तथा प्रीति सवार थे। हादसे में शंकर कुमार और सुनील कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में फंसी महिला प्रीति ने भी दम तोड़ दिया।
कार में फंसे लोगों को बामुश्किल बाहर निकाला
शंकर कुमार, परमिता कुमारी के ममेरे भाई और सुनील कुमार सगे भाई थे। संयुक्त रूप से चलाए राहत और बचाव अभियान में कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में घायल पांच लोगों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहाबाद भेजा। शवों को पोस्टमार्टम के लिए आगरा मोर्चरी भेज दिया। मृतका प्रीति के आभूषण और अन्य सामान पुलिस ने संभाल लिया है। घटना के बाद कंटेनर चालक वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर मौके से फरार हो गया।
कंटेनर चालक वाहन छोड़कर फरार
पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को चौकी लुहारी परिसर में खड़ा कराया है, जबकि कंटेनर को भी सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया। राहत कार्य के दौरान कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, लेकिन बाद में यातायात को सुचारू रूप से संचालित कर दिया गया। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है तथा फरार कंटेनर चालक की तलाश की जा रही है।
Also Read :-

