Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

CBI ने बिहार, गुजरात और राजस्थान से नीट-यूजी के 5 मामलों की जांच अपने हाथ में ली

June 25, 2024

CBI ने बिहार, गुजरात और राजस्थान से नीट-यूजी के 5 मामलों की जांच अपने हाथ में ली

नई दिल्ली: सीबीआई ने मैडीकल प्रवेश परीक्षा ‘नीट-यूजी’ में कथित गड़बड़ी के 5 नए मामलों की जांच अपने हाथ में ले ली है। इन मामलों की जांच गुजरात, राजस्थान और बिहार की पुलिस कर रही थी। अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि केंद्रीय एजैंसी ने गुजरात और बिहार से 1-1 मामला और राजस्थान से 3 मामलों को अपनी एफआईआर के रूप में फिर से दर्ज किया है, वहीं महाराष्ट्र के लातूर से एक और मामले की जांच भी एजैंसी के अपने हाथ में लेने की संभावना है। अधिकारियों ने बताया कि बिहार के मामले को छोड़कर, अन्य 4 मामले अभ्यर्थी की जगह अन्य व्यक्ति द्वारा परीक्षा देने तथा स्थानीय अधिकारियों, निरीक्षकों और अभ्यर्थियों द्वारा धोखाधड़ी से संबंधित छिटपुट मामले प्रतीत होते हैं।

उन्होंने बताया कि केंद्रीय शिक्षा मंत्रलय से व्यापक जांच के लिए एक संदर्भ जारी किए जाने पर सीबीआई ने पहले ही मामले के संबंध में अपनी एफआईआर दर्ज कर ली है। अधिकारियों ने बताया कि इन नए मामलों की जांच संभालने के बाद सीबीआई अब ‘राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा-स्नातक’ (नीट-यूजी) में कथित गड़बड़ी से संबंधित कुल 6 मामलों की जांच कर रही है। नीट-यूजी का आयोजन राष्ट्रीय परीक्षा एजैंसी (एनटीए) द्वारा देशभर के सरकारी और निजी संस्थानों में एमबीबीएस, बीडीएस, आयुष और अन्य संबंधित पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए किया जाता है। यह परीक्षा 5 मई को 571 शहरों में 4,750 केंद्रों पर आयोजित की गई थी, जिनमें 14 विदेशी शहर भी शामिल थे। परीक्षा में 23 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल हुए थे। रविवार को सीबीआई ने पहली एफआईआर दर्ज की थी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें