Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

सीबीआई ने एफसीआरए उल्लंघन मामले में हर्ष मंदर के कार्यालय और आवास पर की छापेमारी

February 2, 2024

सीबीआई ने एफसीआरए उल्लंघन मामले में हर्ष मंदर के कार्यालय और आवास पर की छापेमारी

नयी दिल्ली: केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने विदेशी अंशदान विनियमन अधिनियम (एफसीआरए) के कथित उल्लंघन से संबंधित जांच के सिलसिले में शुक्रवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) सेवानिवृतत अधिकारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता हर्ष मंदर के कार्यालय और आवास पर छापे मारे।

सीबीआई एफसीआरए के कथित उल्लंघन से संबंधित एक नए मामले में यह कार्रवाई कर रहा है। जांच एजेंसी ने अपनी प्रारंभिक जांच के तहत मामले से जुड़े कई लोगोंं से पूछताछ की है।

गृह मंत्रालय ने पिछले साल मंदर द्वारा स्थापित गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) अमन बिरादरी की विदेशी फंडिंग की सीबीआई जांच की सिफारिश की थी। मंदर पूर्ववर्ती संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के दौरान सोनिया गांधी के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय सलाहकार परिषद के पूर्व सदस्य थे और वह एनजीओ ‘अमन बिरादरी’ के संस्थापक भी हैं।

सीबीआई ने एक बयान में कहा कि एफसीए प्रावधानों के उल्लंघन के आरोप में दिल्ली स्थित एनजीओ और उसके अध्यक्ष-सह-सचिव के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। सीबीआई ने कहा, “यह आरोप लगाया गया है कि एनजीओ ने एफसीआरए, 2010 के प्रावधानों का उल्लंघन करते हुए वर्ष 2020-21 के दौरान इसके एफसीआरए खाते से वेतन/मजदूरी/पारिश्रमिक के अलावा 32,71,915 रुपये व्यक्तियों के खाते में हस्तांतरित किए थे।”

जांच एजेंसी ने कहा कि यह भी आरोप लगाया गया है कि एनजीओ ने एफसीआरए, 2010 के प्रावधानों का उल्लंघन करते हुए फर्म के माध्यम से एफसीआरए खाते से धन की निकासी की गयी थी।उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी सितंबर 2021 में कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने मंदर के आवास पर छापेमारी की गई थी। ईडी के मुताबिक छापेमारी मंदर के आवास, कार्यालय और शहर में उनके द्वारा संचालित बाल गृह पर की गई हे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें