बोर्ड परीक्षाओं से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार सुबह 10 बजे छात्रों से ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम के तहत संवाद किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को पढ़ाई और जीवन से जुड़ी कई अहम बातें सरल अंदाज में समझाईं। पीएम मोदी ने छात्रों से कहा कि पढ़ाई का वही तरीका अपनाएं, जो उन्हें सबसे ज्यादा समझ में आए। सभी की सलाह जरूर सुनें, लेकिन फैसला खुद के अनुभव और समझ के आधार पर लें।
इस कार्यक्रम को लेकर राजनीति और मनोरंजन जगत से भी कई प्रतिक्रियाएं सामने आईं। भाजपा सांसद और अभिनेता रवि किशन तथा अभिनेत्री हेमा मालिनी ने ‘परीक्षा पे चर्चा’ की सराहना की।
भोजपुरी और हिंदी सिनेमा के चर्चित अभिनेता व भाजपा सांसद रवि किशन ने इसे एक ऐतिहासिक पहल बताया। उन्होंने कहा, “मैंने दुनिया के किसी नेता को बच्चों को लेकर इतना संवेदनशील नहीं देखा। प्रधानमंत्री मोदी देश के बच्चों के भविष्य को लेकर गंभीर हैं और उन्हें आने वाले कल के लिए तैयार कर रहे हैं।” रवि किशन ने यह भी कहा कि पीएम मोदी की बातों से हर दिन कुछ न कुछ सीखने को मिलता है।
वहीं, भाजपा सांसद और जानी-मानी अभिनेत्री हेमा मालिनी ने भी इस कार्यक्रम को बेहद प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी ने बच्चों का हौसला बढ़ाया। यह बहुत खास पल था, जब एक प्रधानमंत्री बच्चों के सामने शिक्षक की भूमिका में नजर आए। उन्होंने बेहद आसान शब्दों में जीवन और पढ़ाई से जुड़ी बातें समझाईं।”
गौरतलब है कि ‘परीक्षा पे चर्चा’ की शुरुआत साल 2018 में हुई थी। इसका मकसद बोर्ड परीक्षाओं से पहले छात्रों के मन से डर और तनाव को दूर करना है। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों से सीधे संवाद करते हैं और परीक्षा की तैयारी, समय प्रबंधन, मानसिक दबाव, असफलता से निपटने और जीवन में संतुलन जैसे विषयों पर खुलकर बात करते हैं।
हर साल देशभर से हजारों छात्र इस कार्यक्रम में हिस्सा लेते हैं और अपने सवाल प्रधानमंत्री के सामने रखते हैं। पीएम मोदी अपने अनुभवों के जरिए बच्चों को यह संदेश देते हैं कि सफलता का रास्ता डर से नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और मेहनत से होकर गुजरता है।