भोपाल। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को अपने संसदीय क्षेत्र विदिशा में बिलकिसगंज स्थित कृषि उपज मंडी में आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता कर उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। साथ ही, लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के हितलाभ वितरित किए, वहीं शिवराज सिंह ने अलग-अलग विभागों की प्रदर्शनियों का अवलोकन किया और स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान शिवराज सिंह ने कहा कि अपने लिए तो सब जीते हैं, वास्तव में जीवन उसी का है जो जनता, समाज और देश के लिए जीता है। उन्होंने कहा कि आपको वचन देता हूँ कि अपनी जनता की सेवा में हम कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। आज हमने बिलकिसगंज में हेल्थ कैंप लगाया है। सभी माताएं-बहनें अपना चेकअप जरूर कराएं और अगर कोई बीमारी निकलती है तो चिंता की बात नहीं है, हम पूरा इलाज भी करवाएंगे, क्योंकि दीन-दुखियों की सेवा ही भगवान की पूजा है।

महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बहन-बेटियों की सेवा, देवियों की पूजा के समान है। उन्होंने कहा कि दुर्गा सप्तशती में माँ ने स्वयं कहा है कि जगत की जितनी स्त्रियाँ हैं, वो मेरी ही मूर्तियां हैं, इसलिए मैं, हर बहन में देवी माँ की मूर्ति देखता हूँ। उन्होंने कहा कि लाड़ली बहना योजना महिलाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने की एक बड़ी पहल है। इस योजना के साथ अब लखपति दीदी अभियान भी चलाया जा रहा है, जिसके माध्यम से ग्रामीण महिलाओं की आमदनी बढ़ाने पर फोकस किया गया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुझे ग्रामीण विकास मंत्री का भी दायित्व दिया है। हमारा उद्देश्य है कि हर बहन की आमदनी स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से बढ़ाई जाए। हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि हर बहन सालाना कम से कम एक लाख रुपए कमाए, तभी सच्चे अर्थों में उनकी जिंदगी बदलेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है और स्वयं सहायता समूहों को इस दिशा में मजबूत माध्यम बनाया जाएगा।
हमारा लक्ष्य, हर गरीब को पक्का मकान
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत अब तक मध्य प्रदेश को 19 लाख मकान दिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के नाम प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में नहीं थे, उनका भी सर्वे किया जा रहा है और उनके भी नाम सूची में जोड़े जाएंगे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कोई भी गरीब कच्चे घर में नहीं रहेगा। जिन स्थानों पर अब तक बिजली नहीं पहुँची, वहाँ भी बिजली पहुँचाई जाएगी। अगर कहीं पाँच घर भी बने होंगे तो वहाँ भी बिजली देकर रहेंगे। हमारी सरकार का लक्ष्य है कि हर गरीब को पक्का मकान, बिजली और सम्मानजनक जीवन मिले। चौहान ने कहा आज कई जगह किसानों ने बताया कि भारी बारिश से उनकी सोयाबीन की फसल को भारी नुकसान हुआ है। हम पूरी गंभीरता के साथ सरकार से बात करके उचित सर्वे कराएंगे। सर्वे के बाद किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ दिलाने का काम किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री चौहान ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें किसानों की कठिनाइयों को दूर करने के लिए लगातार समन्वय में काम कर रही हैं। किसानों को किसी भी हाल में नुकसान नहीं होने दिया जाएगा और हर पात्र किसान को योजना का लाभ समय पर मिल सके, इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा।

हमारा संकल्प, टीबीमुक्त हो सीहोर
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हमारा संकल्प है कि सीहोर जिला टीबी से पूरी तरह मुक्त हो। इसके लिए डॉक्टरों की टीम सर्वे कर रही है। टीबी के मरीजों को मुफ्त दवाई दी जाएगी, पोषण की व्यवस्था की जाएगी और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि वे पूरी तरह स्वस्थ हों। उन्होंने कहा कि अब तक 500 मरीजों की जांच की जा चुकी है, जिनमें 90 गर्भवती महिलाएं भी शामिल हैं। सभी मरीजों के इलाज की पूरी व्यवस्था की जा रही है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने जनता से अपील करते हुए कहा कि टीबी के खिलाफ इस अभियान में सभी लोग सहयोग करें। यह सामूहिक प्रयास ही जिले को टीबीमुक्त बनाएगा।
मेष: दिन शुभ रहेगा...