
रोहतक। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने पेट्रोल और डीजल के बढ़ते दामों के विरोध में प्रदर्शन किया। इसकी अगुवाई पार्टी के रानिया विधानसभा क्षेत्र से विधायक अर्जुन चौटाला कर रहे थे। प्रदर्शन के बाद जिला प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम पर ज्ञापन सौंपा।
उल्लेखनीय है कि जब डीसी ज्ञापन लेने के लिए नहीं आए तो इनेलो कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर दिया। बाद में इनेलो कार्यकर्ताओं ने सड़क भी जाम कर दी। इसके बाद डीसी आए और विधायक अर्जुन चौटाला ने उन्हें ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन देते समय भी अर्जुन चौटाला की डीसी से बहस भी हुई। कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने लघु सचिवालय का गेट बंद कर दिया। ऐसे में कार्यकर्ता सड़क पर खड़े रहे और करीब 15 मिनट तक पुलिस और विधायक अर्जुन चौटाला के बीच बहस होती रही।
विरोध के बाद सिटी मजिस्ट्रेट शुभम ज्ञापन लेने के लिए गेट पर पहुंचे, लेकिन इनेलो ने ज्ञापन देने से इंकार कर दिया और गेट पर चढ़ गए। बाद में गेट खोला तो प्रदर्शनकारी इनेलो कार्यकर्ता लघु सचिवालय के अंदर आ गए। इसके बाद एसडीएम आशीष शर्मा ज्ञापन लेने आए, लेकिन कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन नहीं दिया और वे डीसी को ज्ञापन देने की मांग पर अड़े रहे। विधायक अर्जुन चौटाला जब ज्ञापन देने के लिए डीसी के पास जाने लगे, तो पुलिस ने रोक लिया। विधायक अर्जुन गेट पर धरना देकर बैठ गए। विधायक ने कार्यकर्ताओं के साथ डीसी सचिन गुप्ता से मिलने के लिए सीढ़िया चढ़ने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया।
कुछ देर बाद विधायक अर्जुन चौटाला दोबारा डीसी से मिलने के लिए ऊपर चढ़ने लगे तो पुलिस कर्मियों के साथ उनकी धक्का-मुक्की भी हो गई। पुलिस ने विधायक को ऊपर जाने नहीं दिया, जिसके कारण कार्यकर्ताओं में रोष बढ़ गया। पुलिस ने महिला कर्मियों को आगे कर दिया, जिससे कि इनेलो कार्यकर्ता ऊपर चढ़ने का प्रयास न करें। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने रोड जाम कर दिया। विधायक खुद कार्यकर्ताओं के साथ सड़क पर बैठ गए और रास्ते के बीच ट्रैक्टर अड़ाकर जाम लगा दिया। काफी देर बाद डीसी सचिन गुप्ता और एसपी गौरव राजपुरोहित मौके पर पहुंचे।
Also Read :