Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

अयोध्या पहुंचे CM चंद्रबाबू नायडू, किए रामलला के दर्शन

December 28, 2025

अयोध्या पहुंचे CM चंद्रबाबू नायडू, किए रामलला के दर्शन

नेशनल डेस्क: आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू शनिवार को रामनगरी अयोध्या पहुंचे। अयोध्या के महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया गया। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्त और जिला अधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे मौजूद रहे। एयरपोर्ट से मुख्यमंत्री सीधे राम जन्मभूमि मंदिर के लिए रवाना हुए।

राम मंदिर पहुंचकर मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने रामलला के दर्शन और विधिवत पूजन किया। इसके साथ ही वह प्रतिष्ठा द्वादशी के अवसर पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में भी शामिल हुए। इसके बाद उन्होंने सप्त ऋषि मंदिर में भी जाकर पूजा-अर्चना की।

दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि रामराज्य किसी भी शासन व्यवस्था के लिए आदर्श मॉडल है। उन्होंने श्री राम जन्मभूमि मंदिर के निर्माण में योगदान देने वाले सभी लोगों की सराहना की। अयोध्या आने वाले समय में भारत का एक बड़ा आध्यात्मिक केंद्र बनेगी और यह मंदिर देश में आध्यात्मिक मूल्यों को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने अपने दर्शन को सुखद बताते हुए उत्तर प्रदेश सरकार का आभार भी जताया।

 

मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश के विकास कार्यों की तारीफ करते हुए कहा कि राज्य लगातार प्रगति कर रहा है, जब तक उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे बड़े राज्य विकसित नहीं होंगे, तब तक ‘विकसित भारत 2047’ का सपना पूरा नहीं हो सकता। उन्होंने यूपी के मुख्यमंत्री की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए उन्हें बधाई दी। आने वाले दो वर्षों में राम मंदिर देश के अन्य मंदिरों के लिए एक मिसाल बनेगा, खासकर व्यवस्थाओं और प्रबंधन के लिहाज से।

अपने तय कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू कुछ समय बाद फिर से महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट लौटेंगे। वहां से वह विजयवाड़ा एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। कुल मिलाकर वह करीब तीन से साढ़े तीन घंटे तक अयोध्या में मौजूद रहेंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें