Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

चारधाम यात्रा को लेकर 10 लाख लोगों ने किया रजिस्ट्रेशन, उत्तराखंड CM बोले- सुरक्षित दर्शन कराना सरकार की जिम्मेदारी

March 25, 2026

चारधाम यात्रा को लेकर 10 लाख लोगों ने किया रजिस्ट्रेशन, उत्तराखंड CM बोले- सुरक्षित दर्शन कराना सरकार की जिम्मेदारी

नेशनल डेस्क: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने कहा है कि चारधाम यात्रा में आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन कराना सरकार की जिम्मेदारी है। इस साल यात्रा के लिए अब तक करीब 10 लाख तीर्थयात्री पंजीकरण कर चुके हैं। साथ ही गढ़वाल मंडल विकास निगम के विश्राम गृहों में लगभग 5 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग भी हो चुकी है।

मंगलवार को यात्रा की तैयारियों की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा 19 अप्रैल से शुरू हो रही है। सरकार ने पिछली यात्रा के समापन के तुरंत बाद ही अगली यात्रा की तैयारी शुरू कर दी थी। सड़क सुधार, बुनियादी ढांचे के विकास, ठहरने की व्यवस्था, परिवहन और अन्य सुविधाओं पर खास ध्यान दिया जा रहा है, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

उन्होंने बताया कि पिछले साल राज्य के कई हिस्सों में आई प्राकृतिक आपदाओं के कारण लगभग डेढ़ महीने तक यात्रा प्रभावित रही थी। इसके बावजूद 51 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने चारधाम के दर्शन किए थे। इस बार सरकार पहले से ज्यादा बेहतर व्यवस्था करने में जुटी हुई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए यह यात्रा चुनौतीपूर्ण होती है, लेकिन हर श्रद्धालु की सुरक्षा सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। यात्रा के दौरान मौसम और आपदा से जुड़ी संभावित जानकारी भी समय-समय पर श्रद्धालुओं को दी जाएगी, ताकि वे सतर्क रह सकें। यात्रा शुरू होने से पहले वह खुद यात्रा मार्गों का निरीक्षण करेंगे और व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। फिलहाल सामान्य परिस्थितियों में श्रद्धालुओं की संख्या सीमित करने को लेकर कोई निर्णय नहीं लिया गया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें