Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

Uttarkashi : गंगनानी में हेलीकॉप्टर क्रैश, CM पुष्कर सिंह धामी ने जांच के दिए निर्देश

May 8, 2025

Uttarkashi : गंगनानी में हेलीकॉप्टर क्रैश, CM पुष्कर सिंह धामी ने जांच के दिए निर्देश

उत्तरकाशी : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी के गंगनानी में गुरुवार को हुए हेलीकॉप्टर हादसे पर दुख जताया है और उन्होंने इस पूरी घटना की जांच के लिए निर्देश भी दिए हैं। उत्तरकाशी जिले में तीर्थयात्रियों को ले जा रहा हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया है, जिसमें करीब आधा दर्जन लोग सवार थे। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस-प्रशासन के साथ ही आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। घटना स्थल पर जिले के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद हैं और पूरे मामले की पल-पल की जानकारी खुद सीएम धामी ले रहे हैं।

घायलों को हर संभव सहायता

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, ‘‘उत्तरकाशी के गंगनानी के समीप हेलीकॉप्टर क्रैश में कुछ लोगों के हताहत होने का अत्यंत दु:खद समाचार प्राप्त हुआ है। राहत एवं बचाव कार्य के लिए एसडीआरएफ और जिला प्रशासन की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गई हैं।

ईश्वर हादसे में दिवंगत हुए लोगों की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिजनों को यह असीम दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। प्रशासन को घायलों को हर संभव सहायता पहुंचाने एवं हादसे की जांच के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में लगातार अधिकारियों के संपर्क में हूं और हर स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।”


चारधाम की यात्रा चल रही है

जानकारी के अनुसार, गंगोत्री जा रहा एक निजी हेलीकॉप्टर सुबह करीब 9 बजे गंगनानी के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। स्थानीय निवासी और पुलिस मौके पर पहुंच गई। हेलीकॉप्टर में सवार 5-6 यात्रियों में से दो के घायल होने की खबर है। बचाव कार्य के लिए पुलिस, सेना, आपदा प्रतिक्रिया दल और स्थानीय अधिकारियों को भेजा गया। उत्तराखंड में इन दिनों चारधाम की यात्रा चल रही है।

केदारनाथ, बदरीनाथ और गंगोत्री-यमुनोत्री जाने के लिए बड़ी संख्या में यात्री पहुंच रहे हैं। कुछ पैदल यात्र पर निकले हैं तो कई लोग हेलीकॉप्टर से पहुंच रहे हैं। दूसरी ओर मौसम विभाग ने गुरुवार को कई जिलों के लिए चेतावनी जारी की है। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत में बिजली गरजने के साथ ही तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें