Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

शिक्षक महाकुंभ में 118 शिक्षकों को सीएम रेखा गुप्ता ने किया सम्मानित

September 6, 2026

शिक्षक महाकुंभ में 118 शिक्षकों को सीएम रेखा गुप्ता ने किया सम्मानित

नई दिल्ली : शिक्षक दिवस के अवसर पर त्यागराज स्टेडियम में आयोजित ‘शिक्षक महाकुंभ-स्टेट टीचर्स अवॉर्ड 2026’ में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 118 शिक्षकों को सम्मानित किया। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में शिक्षकों के समर्पण, नवाचार और विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में उनके योगदान को सराहा गया।

विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित शिक्षकों में 20 प्रधानाचार्य, शिक्षा निदेशालय और नगर निगम के विद्यालयों के 69 शिक्षक तथा तीन मुख्यमंत्री श्री स्कूलों के शिक्षक शामिल रहे। इसके अलावा पुस्तकालयाध्यक्ष, विशेष शिक्षक और खेल शिक्षकों को भी उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री आशीष सूद, सांसद बांसुरी स्वराज, विधायक अभय वर्मा, नीरज बसोया और चंदन कुमार चौधरी सहित शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और शिक्षक मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि शिक्षक केवल किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों में संस्कार, कौशल, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि सशक्त शिक्षक ही विकसित दिल्ली की मजबूत नींव हैं। दिल्ली सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 में शिक्षा के लिए 19,148 करोड़ रुपये का बजट रखा है। विद्यालयों में 170 आधुनिक भाषा प्रयोगशालाएं स्थापित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने शिक्षकों से विद्यार्थियों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, अनुशासन और संवेदनशीलता जैसे संस्कार विकसित करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि दिल्ली को भिक्षावृत्ति मुक्त बनाने के लिए प्रत्येक बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना जरूरी है। शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने बताया कि शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए 10,417 शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। साथ ही 613 विशेष शिक्षकों की भर्ती का भी प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षकों से जुड़े मानव संसाधन और सेवा संबंधी मुद्दों के समाधान के लिए भी लगातार प्रयास कर रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें