
नई दिल्ली : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को मोती नगर विधानसभा क्षेत्र में जन कौशल केंद्र और स्वयं स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन किया। इन दोनों केंद्रों का निर्माण मदन लाल खुराना फाउंडेशन के प्रयासों से किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलते वैश्विक परिदृश्य में पारंपरिक शिक्षा के साथ-साथ युवाओं को आधुनिक तकनीक और उद्योग-केंद्रित कौशल से जोड़ना समय की सबसे बड़ी मांग है। एआई और डिजिटल तकनीकें रोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में अभूतपूर्व अवसर पैदा कर रही हैं। ऐसे में युवाओं को आत्मनिर्भर और ‘फ्यूचर रेडी’ बनाने के लिए यह पहल एक प्रभावी सेतु का कार्य करेगी। इस अवसर पर विधायक हरीश खुराना, उमंग बजाज सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित थे।
स्थानीय समुदाय के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं को मिलेगा नया आधार:-
स्वयं स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी सशक्त समाज के लिए शिक्षा और कौशल के साथ स्वास्थ्य भी उतना ही महत्वपूर्ण है। स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता से नागरिकों को अपने आसपास ही आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं तक बेहतर पहुंच मिल सकेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य और कौशल विकास की सुविधाएं पहुंचाना सरकार और सामाजिक संस्थाओं की साझा जिम्मेदारी है।
स्वयं स्वास्थ्य केंद्र पर मिलेंगी ये सुविधाएं:-
स्वयं स्वास्थ्य केंद्र एक आधुनिक स्वास्थ्य जांच केंद्र है, जहां लोगों को अपने क्षेत्र में ही सुलभ और समय पर स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिलेगी। यहां सीबीसी, एलएफटी, केएफटी, ब्लड शुगर, थायरॉइड, कोलेस्ट्रॉल और लिपिड प्रोफाइल के साथ कार्डियक प्रोफाइल, फीवर प्रोफाइल और डेंटल स्क्रीनिंग जैसी जांचें उपलब्ध होंगी। इसके अलावा ईसीजी, ब्लड प्रेशर और ऑक्सीजन लेवल की जांच भी की जा सकेगी।
मेष: दिन शुभ रहेगा...