Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

CM रेखा गुप्ता ने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण एवं सेकेंडरी ट्रांसपोर्टेशन परियोजना का किया शुभारंभ

July 24, 2026

CM रेखा गुप्ता ने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण एवं सेकेंडरी ट्रांसपोर्टेशन परियोजना का किया शुभारंभ

नई दिल्ली : राजधानी में स्वच्छता व्यवस्था को आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में दिल्ली सरकार ने गुरुवार को पश्चिमी दिल्ली नगर निगम क्षेत्र में डोर-टू-डोर वेस्ट कलेक्शन एवं सेकेंडरी ट्रांसपोर्टेशन परियोजना का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 917 अत्याधुनिक कचरा संग्रहण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने दिल्ली नगर निगम के सफाई कर्मचारियों से संवाद किया, उनके योगदान की सराहना की और उनके साथ सहभोज भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल कचरा उठाना नहीं, बल्कि आधुनिक तकनीक आधारित, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली विकसित करना है।

उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था से घर-घर से समयबद्ध कचरा संग्रहण सुनिश्चित होगा और राजधानी को स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि पहले नगर निगम के पास पर्याप्त संसाधनों और आधुनिक उपकरणों का अभाव था, जिससे स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित होती थी। अब आधुनिक कॉम्पैक्टर युक्त ट्रांसफर स्टेशन, उन्नत मशीनरी और नई तकनीक के माध्यम से इन कमियों को दूर किया जा रहा है। यह मॉडल चरणबद्ध तरीके से पूरी दिल्ली में लागू किया जाएगा। परियोजना के पहले चरण में पश्चिमी दिल्ली नगर निगम के 25 वार्डों के करीब 4.50 लाख परिवारों को शामिल किया गया है।

फिलहाल छह वार्डों में इसकी शुरुआत हो चुकी है, जबकि शेष 19 वार्डों को 31 अगस्त 2026 तक जोड़ा जाएगा। परियोजना के तहत 917 आधुनिक वाहनों की तैनाती की गई है, जिनमें 225 ई-रिक्शा, 550 मिनी टिपर, 52 कॉम्पैक्टर, 41 हुक लोडर, 28 टाटा-407, 10 डंपर, छह बिन वॉशर और बड़ी क्षमता वाले कूड़ेदान शामिल हैं। इन संसाधनों के जरिए संकरी गलियों तक पहुंचकर घर-घर से शत-प्रतिशत कचरा संग्रहण किया जाएगा। पूरी व्यवस्था की निगरानी डिजिटल वार रूम, जीपीएस आधारित ट्रैकिंग, सेंट्रल कंट्रोल रूम, ईएसबीएम ऐप और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें