Last Updated: November 16, 2026

Dainik Savera Times Logo

बुराड़ी को बड़ी सौगात: CM रेखा गुप्ता ने मुखमेलपुर में ऑक्सीजन पार्क का किया शिलान्यास

May 23, 2026

बुराड़ी को बड़ी सौगात: CM रेखा गुप्ता ने मुखमेलपुर में ऑक्सीजन पार्क का किया शिलान्यास

नई दिल्ली : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को बुराड़ी विधानसभा क्षेत्र के मुखमेलपुर गांव में करीब 3 एकड़ में बनने वाले एक ऑक्सजीन पार्क का शिलान्यास किया। यह पार्क स्थानीय लोगों को हरियाली, स्वास्थ्य, मनोरंजन और सामाजिक गतिविधियों के लिए बेहतर सार्वजनिक स्थान उपलब्ध कराएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि पार्क के निर्माण के लिए वन विभाग ने एक करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इसके अलावा उन्होंने अपनी विधायक निधि/विवेकाधीन मद से भी एक करोड़ रुपये अतिरिक्त देने की घोषणा की।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पार्क को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस, आकर्षक और दिल्ली के बेहतरीन पार्कों में शामिल होने योग्य बनाया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित दिल्ली के निर्माण में आधुनिक आधारभूत सुविधाओं के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और नागरिकों के जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाना भी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। मुखमेलपुर में विकसित होने वाला यह पार्क केवल एक हरित क्षेत्र नहीं होगा, बल्कि यह स्थानीय नागरिकों के लिए स्वास्थ्य, सामाजिक सहभागिता और सकारात्मक जीवनशैली का केंद्र बनेगा।

दिल्ली सरकार और नगर निगम मिलकर राजधानी में अधिक से अधिक हरित क्षेत्रों के विकास, पार्कों के आधुनिकीकरण और सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। इस ऑक्सीजन पार्क में लोगों की सुविधा और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए वॉकिंग ट्रैक, आकर्षक और ऊर्जा दक्ष लाइटिंग, बैठने और आराम करने के लिए हट, सुंदर तालाब तथा विभिन्न प्रजातियों के छायादार पेड़ लगाए जाएंगे। इसके अलावा पार्क में पर्याप्त हरित क्षेत्र और खुले स्थान भी विकसित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजना पूरी होने के बाद मुखमेलपुर के साथ-साथ जिंदपुर, बख्तावरपुर, हिरणकी और आसपास के क्षेत्रों के हजारों लोगों को इसका लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष दिल्ली सरकार 70 लाख से अधिक पेड़, झाड़ियां और हैज लगाने का लक्ष्य लेकर चल रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ऑक्सीजन पार्क, वृक्षारोपण अभियान और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अन्य प्रयास दिल्ली को अधिक स्वच्छ, हरित और रहने योग्य राजधानी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

सरकार माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’, पर्यावरण संरक्षण और विकसित भारत-विकसित दिल्ली के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। राजधानी में हरित क्षेत्र बढ़ाने और नागरिकों को बेहतर जीवन गुणवत्ता उपलब्ध कराने के लिए ऐसे विकास कार्य आगे भी जारी रहेंगे। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में मौजूद गंदे नाले को ढकने और अन्य स्थानीय विकास कार्यों के लिए भी आवश्यक वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि सांसद एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सुझावों पर बुराड़ी विधानसभा क्षेत्र के लिए 20 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है, जिनमें सीवर लाइन और पेयजल पाइपलाइन से संबंधित कार्य शामिल हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें