Last Updated: October 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

करूर भगदड़ पर सीएम विजय का बड़ा बयान, बोले- पुलिस ने समय रहते चेताया होता तो हादसा टल सकता था

July 10, 2026

करूर भगदड़ पर सीएम विजय का बड़ा बयान, बोले- पुलिस ने समय रहते चेताया होता तो हादसा टल सकता था

CM Vijay: तमिलनाडु के करूर में वर्ष 2025 में हुई दर्दनाक भगदड़ की घटना को लेकर मुख्यमंत्री विजय ने गहरा दुख जताया है। शुक्रवार यानि 10 जुलाई को आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि इस हादसे ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। कई परिवारों ने अपने बच्चों को खो दिया और यह ऐसा दुख है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।

मुख्यमंत्री विजय ने कहा कि करूर की घटना केवल एक दुर्घटना नहीं थी, बल्कि पूरे समाज के लिए अपूरणीय क्षति है, जिन परिवारों ने अपने बच्चों को खोया है, उनके दर्द की भरपाई कभी नहीं हो सकती। राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता दी जाएगी। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाएगा।

पुलिस की भूमिका पर उठाए सवाल

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पेरंबलूर पुलिस ने पहले ही कार्यक्रम में बढ़ती भीड़ को लेकर उन्हें सतर्क कर दिया था, लेकिन करूर पुलिस की ओर से ऐसी कोई चेतावनी नहीं दी गई। करूर पुलिस अधिकारियों ने उन्हें कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाया और उन्होंने उन पर भरोसा किया। उनका कहना था कि यदि समय रहते भीड़ की स्थिति की सही जानकारी मिल जाती, तो हालात को संभालने के लिए जरूरी कदम उठाए जा सकते थे और संभव है कि इस दुखद घटना से बचा जा सकता।

मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि इस तरह की संवेदनशील घटनाओं पर राजनीति करना उचित नहीं है। ऐसे मामलों में आरोप-प्रत्यारोप करने के बजाय पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने और भविष्य में बेहतर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर ध्यान देना चाहिए। इस त्रासदी को राजनीतिक मुद्दा बनाना सही नहीं है और सभी दलों को मिलकर ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए काम करना चाहिए।

DMK और AIADMK पर लगाए आरोप

अपने भाषण के दौरान विजय ने द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) और ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (AIADMK) पर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों दल पार्टी फंड के नाम पर भ्रष्टाचार में शामिल हैं। हालांकि, इन आरोपों पर संबंधित दलों की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें