CNG Price Hike : दिल्ली-एनसीआर के लोगों को एक बार फिर महंगाई ने बड़ा झटका दिया है। बता दें कि, सीएनजी की कीमतों में लगातार दूसरी बार बढ़ोतरी की गई है, जिससे वाहन चालकों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ने वाला है। ताजा बढ़ोतरी के बाद राजधानी दिल्ली में सीएनजी अब ₹80.09 प्रति किलो पहुंच गई है। गैस कंपनियों ने आज ₹1 प्रति किलो की बढ़ोतरी की है, जबकि इससे पहले बीते दिन ₹2 प्रति किलो का इजाफा किया गया था। यानी महज तीन दिनों के भीतर सीएनजी कुल ₹3 प्रति किलो महंगी हो चुकी है।
नोएडा और गाजियाबाद में अब सीएनजी ₹88.70 प्रति किलो बिक रही है। वहीं गुरुग्राम में इसकी नई कीमत ₹85.12 प्रति किलो तय की गई है। दूसरी ओर, मुंबई में सीएनजी की दर ₹84 प्रति किलो पर पहुंच गई है। हालांकि राहत की बात यह है कि पाइपलाइन से मिलने वाली घरेलू गैस (PNG) और घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है।
किन शहरों में कितनी हुई कीमत?
नई दरों के अनुसार मेरठ, मुजफ्फरनगर और शामली में सीएनजी ₹88.58 प्रति किलो हो गई है। करनाल में कीमत ₹84.43, कैथल में ₹85.43 और रेवाड़ी में ₹84.70 प्रति किलो पहुंच गई है। वहीं कानपुर, हमीरपुर और फतेहपुर में सबसे अधिक ₹91.42 प्रति किलो की दर लागू की गई है। राजस्थान के अजमेर, पाली और राजसमंद में सीएनजी ₹89.44 प्रति किलो बिक रही है, जबकि महोबा, बांदा और चित्रकूट में इसकी कीमत ₹86.42 प्रति किलो तय की गई है।
आखिर क्यों बढ़ रहे हैं CNG के दाम?
विशेषज्ञों के मुताबिक भारत अपनी जरूरत का 50 प्रतिशत से अधिक प्राकृतिक गैस विदेशों से आयात करता है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में गैस की कीमतों में तेजी, होर्मुज क्षेत्र में तनाव और सप्लाई प्रभावित होने के कारण गैस खरीदना महंगा हो गया है।
गैस कंपनियों का कहना है कि बढ़ती लागत के कारण कीमतों में इजाफा करना जरूरी हो गया है। कंपनियों के मुताबिक यदि दरें नहीं बढ़ाई जातीं, तो उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। दिल्ली-एनसीआर में आईजीएल और महाराष्ट्र में एमजीएल सीएनजी-पीएनजी गैस की सप्लाई करती है।
ये भी पढ़ें…
आम लोगों पर बढ़ेगा बोझ
सीएनजी की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी का सीधा असर ऑटो, टैक्सी और निजी वाहन चालकों पर पड़ेगा। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में सार्वजनिक परिवहन का किराया भी बढ़ सकता है, जिससे आम लोगों की रोजमर्रा की यात्रा और महंगी हो जाएगी।

