नेशनल डेस्क: विक्रम नगर इंडस्ट्रियल क्षेत्र में निर्माण कार्य के दौरान मंगलवार रात एक कोबरा सांप गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाके में जेसीबी मशीन से खुदाई का काम चल रहा था। इसी दौरान सांप उसकी चपेट में आ गया और बुरी तरह जख्मी हो गया।
घायल सांप दर्द से तड़पते हुए इधर-उधर घूम रहा था। यह देखकर आसपास मौजूद लोग घबरा गए और तुरंत सर्प मित्रों को सूचना दी। सूचना मिलने पर सर्प मित्र राहुल और मुकुल मौके पर पहुंचे। दोनों ने सावधानी से सांप को रेस्क्यू किया और उसे उदयन मार्ग स्थित पशु चिकित्सालय ले गए।
ये भी पढ़ें: यमुना एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसा, डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलटी, 14 यात्री घायल
पशु चिकित्सालय में डॉक्टर मुकेश जैन ने लगभग दो घंटे तक जटिल ऑपरेशन किया। सांप के सिर और शरीर के पिछले हिस्से में गहरी चोटें थीं, जिन्हें ठीक करने के लिए डॉक्टर ने करीब 80 टांके लगाए। इलाज के बाद सांप की हालत स्थिर बताई गई। डॉक्टर ऑपरेशन पूरा करने के बाद सांप को वापस सर्प मित्रों के सुपुर्द कर दिया। इस रेस्क्यू और उपचार कार्य में रवि राठौर, प्रशांत परिहार और अन्य कर्मचारी भी शामिल रहे।
कोबरा किस परिवार से संबंधित होते हैं?
कोबरा सांप एलापिडे परिवार के होते हैं और ज्यादातर नाजा वंश में पाए जाते हैं। दुनिया में कोबरा की कई प्रजातियाँ मिलती हैं, जिनमें भारतीय कोबरा और किंग कोबरा सबसे प्रसिद्ध हैं। ध्यान देने वाली बात यह है कि किंग कोबरा और सामान्य कोबरा एक जैसे नहीं होते। दोनों अलग-अलग वंश से संबंधित हैं। साधारण कोबरा अक्सर इंसानी बस्ती के आसपास और कृषि क्षेत्रों में अधिक दिखाई देते हैं।
ये भी पढ़ें: संविधान दिवस 2025: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु बोलीं- जरूर पूरा होगा विकसित भारत का संकल्प