Site icon Dainik Savera Times

Haryana News : राहत, बारिश से खराब फसलों का मिलेगा मुआवजा

compensation-for-damaged-crops

compensation-for-damaged-crops

चंडीगढ़। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने प्रदेश के किसानों को राहत दी है। उन्होंने कहा कि बारिश से खराब हुई फसलों का मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके लिए पोर्टल भी खोल दिया गया है।

योजनाओं में दिए गए 1665.25 करोड़ रुपये

उन्होंने कहा कि अलग-अलग योजनाओं में 1665.25 करोड़ रुपये लाभार्थियों के खातों में डाल दिए गए हैं। इसमें लाडो लक्ष्मी योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, दीन दयालु योजना और किसानों के लिए विशेष सहायता शामिल है। इसके अलावा किसानों को बारिश से खराब फसलों का मुआवजा जल्द दिया जाएगा।

फसलों को ओलावृष्टि से हुआ था नुकसान

हरियाणा में बारिश और ओलावृष्टि के चलते कई जिलों में फसलों को काफी नुकसान हुआ है। इसके बाद किसानों ने सरकार और प्रशासन से से मुआवजे की मांग की। इस पर मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बताया कि सिरसा, हिसार और फतेहाबाद के लिए ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल खोल दिया गया है और कुरुक्षेत्र के लिए भी पोर्टल जल्द एक्टिव हो जाएगा. उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि नुकसान की भरपाई की जाएगी।

लाडो लक्ष्मी योजना की किस्त भी जारी

मुख्यमंत्री ने बताया कि लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 203.28 करोड़ रुपये जारी किए हैं। इसका लाभ करीब 10 लाख महिलाओं को मिलेगा। महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए सरकार काम कर रही है। पहले इस योजना के लिए 5000 करोड़ का बजट रखा था, जिसे बढ़ाकर 6500 करोड़ रुपये कर दिया है। साथ ही आय सीमा को एक लाख से बढ़ाकर 1.80 लाख रुपये करने की तैयारी है।

दीनदयालु योजना में भी दी रकम

सरकार ने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत 1144.55 करोड़ रुपये जारी किए हैं। दीन दयालु योजना के तहत 298.07 करोड़ रुपये लाभार्थियों के खातों में डाले। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब लोगों को पेंशन के लिए भटकना नहीं पड़ता, बल्कि घर बैठे ही उन्हें पैसा मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि पहले के समय में भ्रष्टाचार ज्यादा था और लोगों को काफी परेशानी होती थी। अब सरकार हर महीने की 10 तारीख को सीधे खाते में पैसा भेज रही है, जिससे लोगों को दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते।

किसानों को ट्रैक्टर पर भी सब्सिडी

सीएम ने कहा कि ट्रैक्टर सब्सिडी योजना के तहत सरकार ने अनुसूचित जाति के 645 किसानों को 19.35 करोड़ रुपये दिए हैं। हर किसान को करीब तीन लाख रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले की सरकारों ने इस तरह की योजनाएं लागू नहीं कीं। फरीदाबाद में हाल ही में हुई दुखद घटना में दो फायर कर्मियों की मौत पर मुख्यमंत्री ने संवेदना जताई। उन्होंने घोषणा की कि दोनों के परिवारों को 30-30 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी और परिवार के एक सदस्य को एचकेआरएन के माध्यम से नौकरी दी जाएगी।

बैंक घोटाले के मामले में सख्ती

मुख्यमंत्री ने बैंक घोटाले के मुद्दे पर कहा कि सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। मामले की जांच पहले एसीबी कर रही थी, जिसे अब सीबीआई को सौंप दिया है। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने घोटाले की रकम वापस वसूल ली है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई जारी है।

विपक्ष पर भी साधा निशाना

उन्होंने कहा कि पहले किसानों को फसल बेचने के लिए कई दिन इंतजार करना पड़ता था और बुनियादी सुविधाएं भी नहीं मिलती थीं। अब सरकार मंडियों में लगातार निगरानी कर रही है और सभी मंत्री-विधायक खुद जाकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।

Also Read : खुशियों, मेहनत और आस्था का पर्व है बैसाखी

Also Read : इनेलो का हल्ला बोल, 12 को कैथल मंडी में ट्रैक्टर मार्च

Also Read : ट्रक ने कार को मारी टक्कर, दो बहनों की माैत

Exit mobile version