Site icon Dainik Savera Times

देश में चीनी का भंडार 9 साल के निचले स्तर पर; ई20 नीति की समीक्षा क्यों नहीं हो रही: खरगे

नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने त्यौहारों से पहले चीनी की कीमत में बढ़ौतरी और देश में चीनी का भंडार कथित तौर पर कम होने को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा और सवाल किया कि ऐसी स्थिति में भी पैट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण (ई20) की नीति की समीक्षा क्यों नहीं की जा रही।

खरगे ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में यह दावा भी किया कि देश में चीनी का भंडार 9 साल के निचले स्तर पर पहुंच गया है और 10 लाख टन चीनी का शुल्क-मुक्त आयात करने की नौबत आ गई है। उन्होंने सवाल किया, ‘दुनिया के बड़े चीनी उत्पादक और निर्यातक भारत में आज चीनी का भंडार नौ साल के निचले स्तर पर क्यों है? नौबत निर्यात रोकने और 10 लाख टन चीनी का शुल्क-मुक्त आयात करने तक कैसे पहुंच गई?’

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि तीन महीने में चीनी करीब 40 प्रतिशत महंगी हो गई है और सरकार को इसका जवाब देना चाहिए कि त्यौहारों से पहले जनता पर पड़ने वाली इस महंगाई की मार के लिए कौन जिम्मेदार है। खरगे ने देश में चीनी की कथित कमी के बीच एथेनॉल नीति पर भी सवाल उठाया। कांग्रेस अध्यक्ष ने इन मुद्दों के जरिए केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि त्योहारों के मौसम में चीनी की कीमतों में वृद्धि का बोझ आम लोगों पर पड़ रहा है।

Exit mobile version