Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

LPG Cylinder Crisis: देश के प्रसिद्ध मंदिरों तक पहुंचा गैस संकट, प्रसाद और भंडारे में हुई कटौती

March 16, 2026

LPG Cylinder Crisis: देश के प्रसिद्ध मंदिरों तक पहुंचा गैस संकट, प्रसाद और भंडारे में हुई कटौती

LPG Cylinder Crisis : ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का असर अब भारत में भी महसूस किया जाने लगा है। एलपीजी गैस सिलेंडरों की आपूर्ति बाधित होने के कारण देश के कई हिस्सों में गैस की कमी पैदा हो गई है। इसका असर सिर्फ घरों, होटल और रेस्टोरेंट तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि देश के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों की रसोई भी इससे प्रभावित हो रही है। कई बड़े मंदिरों में गैस की कमी के कारण भोजन व्यवस्था और प्रसाद वितरण में बदलाव करना पड़ा है।

अयोध्या राम मंदिर की रसोई पर पड़ा असर

उत्तर प्रदेश के अयोध्या स्थित राम मंदिर परिसर की “राम रसोई” में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं के लिए भोजन तैयार किया जाता है। सामान्य दिनों में यहां करीब 10 हजार लोगों को तीन समय भोजन मिलता है। लेकिन गैस सिलेंडर की कमी के कारण अब भोजन लकड़ी और कोयले के चूल्हों पर तैयार किया जा रहा है। इससे खाना बनाने में अधिक समय लग रहा है, जिसके चलते फिलहाल तीन वक्त की जगह दो वक्त ही भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।

नोएडा के इस्कॉन मंदिर में भोग की व्यवस्था बदली

गैस की कमी का असर नोएडा स्थित इस्कॉन मंदिर में भी देखने को मिल रहा है। कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई बाधित होने से मंदिर में भगवान के भोग की तैयारी प्रभावित हुई है। अब भोग देसी चूल्हे पर बनाया जा रहा है। पहले जहां भोग में चार से पांच तरह के व्यंजन बनाए जाते थे, वहीं अब श्रद्धालुओं को केवल कढ़ी-चावल ही परोसा जा रहा है।

शिरडी साईं बाबा मंदिर में प्रसाद वितरण में बदलाव

महाराष्ट्र के प्रसिद्ध शिरडी साईं बाबा मंदिर में भी एलपीजी गैस की कमी का असर दिखाई दे रहा है। गैस की बचत के लिए साईं संस्थान ने प्रसाद वितरण की व्यवस्था में बदलाव किया है। अब भक्तों को पहले की तुलना में सीमित मात्रा में प्रसाद दिया जा रहा है और एक पैकेट में केवल एक लड्डू ही दिया जा रहा है। हालांकि मंदिर परिसर में मौजूद सौर ऊर्जा संयंत्र की मदद से भोग बनाने का काम किसी हद तक जारी रखा जा रहा है।

दीघा जगन्नाथ मंदिर में भोजन पाने वालों की संख्या घटी

पश्चिम बंगाल के दीघा स्थित जगन्नाथ मंदिर में भी गैस की कमी के कारण भोग वितरण प्रभावित हुआ है। पहले जहां प्रतिदिन लगभग 3000 भक्तों को भोजन कराया जाता था, वहीं अब यह संख्या घटाकर करीब 700 कर दी गई है। मंदिर ट्रस्ट का कहना है कि गैस आपूर्ति सामान्य होने तक यह व्यवस्था जारी रहेगी।

ये भी पढ़ें:

देशभर में महसूस हो रहा गैस संकट

ईरान-अमेरिका तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिसका असर भारत में एलपीजी वितरण पर भी पड़ा है। अगर स्थिति जल्द सामान्य नहीं हुई तो आने वाले दिनों में होटल, रेस्टोरेंट और धार्मिक संस्थानों को और भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें