Last Updated: October 29, 2026

Dainik Savera Times Logo

हिमाचल प्रवासी ग्लोबल एसोसिएशन कनाडा के प्रतिनिधिमण्डल ने मुख्यमंत्री से की भेंट

April 25, 2023

हिमाचल प्रवासी ग्लोबल एसोसिएशन कनाडा के प्रतिनिधिमण्डल ने मुख्यमंत्री से की भेंट

शिमला (गजेंद्र) : मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू से हिमाचल प्रवासी ग्लोबल एसोसिएशन के एक प्रतिनिधिमण्डल ने निदेशक, भाग्य चन्द्रा के नेतृत्व में सोमवार देर सायं शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री को अपनी विभिन्न मांगों से भी अवगत करवाया। मुख्यमंत्री ने विदेशों में हिमाचल प्रदेश की समृद्ध संस्कृति को प्रोत्साहन प्रदान करने के एसोसिएशन के प्रयासों की सराहना की।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्रवासी हिमाचलियों के लिए विभिन्न योजनाओं पर कार्य कर रही है। उन्होंने कनाडा सहित अन्य देशों में रह रहे प्रवासी हिमाचलियों को प्रदेश की विकास यात्रा में सहभागी बनने के लिए पर्यटन और अन्य क्षेत्रों में निवेश करने के लिए कहा। उन्होंने कहा राज्य सरकार प्रदेश में औद्योगिक इकाईयां स्थापित करने के लिए उन्हें हरसम्भव सहायता प्रदान करेगी। उन्होंने प्रतिनिधिमण्डल की सभी उचित मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया।

भाग्य चन्द्रा ने कहा कि एसोसिएशन प्रदेश की समृद्ध संस्कृति के प्रचार-प्रसार के लिए निरन्तर कार्य कर रही है और 17 देशों में रह रहे हिमाचली इस एसोसिएशन से जुड़े हुए हैं। एसोसिएशन ने हाल ही में टोरेंटो शहर में शायनिंग हिमाचल कार्यक्रम का आयोजन किया, विदेशियों द्वारा कार्यक्रम के दौरान हिमाचली उत्पादों के लिए विशेष उत्साह देखने को मिला। उन्होंने प्रवासी हिमाचलियों के लिए अनुकूल माहौल प्रदान करने के लिए प्रदेश सरकार के प्रयासों की सराहना की और हिमाचल में एन.आर.आई. कमीशन और हिमाचल प्रदेश सचिवालय में एन.आर.आई. सैल स्थापित करने की मांग की।

महाधिवक्ता अनूप रत्न, पूर्व विधायक बंबर ठाकुर, हिमालय एजूकेशन सोसायटी के सचिव गोविंद घोष और एसोसिएशन के सदस्य डॉ. रूपित कौर इस अवसर पर उपस्थित थे। प्रतिनिधिमण्डल ने उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान और पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास मंत्री अनिरूद्ध सिंह से भी भेंट की।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें