नेशनल डेस्क: राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण बेहद खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। गुरुवार सुबह दिल्ली की शुरुआत घने कोहरे और धुंध के साथ हुई। आसमान में चारों ओर स्मॉग की मोटी परत नजर आई, जिससे कई इलाकों में दृश्यता काफी कम रही। आनंद विहार, विवेक विहार और आसपास के क्षेत्रों में हालात सबसे ज्यादा खराब बने हुए हैं, जहां लोगों को सांस लेने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, आनंद विहार क्षेत्र में एयर क्वालिटी इंडेक्स 415 दर्ज किया गया है, जो गंभीर श्रेणी में आता है। इसी को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने दिल्ली और एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान के स्टेज-4 के तहत सभी सख्त कदम लागू कर दिए हैं, ताकि प्रदूषण के स्तर को नियंत्रित किया जा सके।
ये भी पढ़ें: Weather Update: कई राज्यों में घने कोहरे की मार, अगले 48 घंटों में बारिश की संभावना, IMD ने जारी किया अलर्ट
दिल्ली के आरके पुरम इलाके में भी हालात चिंताजनक बने हुए हैं। यहां एयर क्वालिटी इंडेक्स 374 दर्ज किया गया है, जिसे बहुत खराब श्रेणी में रखा गया है। इलाके की तस्वीरों में भी स्मॉग की घनी परत साफ नजर आ रही है। प्रदूषण को देखते हुए यहां भी ग्रैप स्टेज-4 के सभी नियम लागू किए गए हैं।
सुबह के समय इंडिया गेट और आसपास के इलाकों में भी जहरीली स्मॉग छाई रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, इंडिया गेट क्षेत्र में AQI 344 रिकॉर्ड किया गया है, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है। वहीं अक्षरधाम इलाके में AQI 416 दर्ज किया गया, जिसे गंभीर श्रेणी में रखा गया है। आनंद विहार में AQI 416, विवेक विहार में 412, आईटीओ में 397, द्वारका में 361 और चांदनी चौक इलाके में 387 दर्ज किया गया है।
लगातार बिगड़ती हवा की गुणवत्ता के बीच दिल्ली में प्रदूषण को लेकर सख्ती और बढ़ा दी गई है। अब राजधानी में केवल बीएस-6 मानक वाले वाहनों को ही प्रवेश की अनुमति दी गई है। इसके साथ ही पेट्रोल पंपों पर बिना वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र यानी पीयूसी के ईंधन देने पर भी रोक लगा दी गई है।
इस फैसले के बाद बुधवार सुबह से ही दिल्ली के कई पेट्रोल पंपों पर पीयूसी जांच कराने वालों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। लोग अपने वाहनों के प्रदूषण प्रमाणपत्र बनवाने के लिए घंटों इंतजार करते नजर आए। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें और प्रदूषण से बचाव के लिए मास्क समेत जरूरी सावधानियां बरतें।
ये भी पढ़ें: Horoscope 18 Dec 2025: आज करियर और कारोबार के लिए कैसा रहेगा आपका दिन? जानिए 12 राशियों का हाल

