Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिल्ली CM Rekha Gupta ने की गरीब परिवारों के लिए व्यापक पुनर्विकास योजना की घोषणा

December 10, 2025

दिल्ली CM Rekha Gupta ने की गरीब परिवारों के लिए व्यापक पुनर्विकास योजना की घोषणा

नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज भलस्वा स्थित ईडब्लूएस फ्लैट्स का निरीक्षण किया। ये फ्लैट्स कई साल पहले बनकर तैयार हो गए थे, लेकिन पिछली सरकारों की लापरवाही के कारण लंबे समय तक खाली पड़े रहे और अब जर्जर हालत में पहुँच गए हैं। सीएम रेखा गुप्ता ने निरीक्षण के दौरान स्पष्ट किया कि उनकी सरकार झुग्गियों में रहने वाले हजारों गरीब परिवारों को पक्का और सुरक्षित मकान उपलब्ध कराने के मिशन पर तेजी से कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ पूरे परिसर का दौरा किया और फ्लैट्स की स्थिति, भवनों की संरक्षा तथा परिसर की मौजूदा जरूरतों का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिया कि इस पूरे परिसर को पूरी तरह रहने योग्य, सुरक्षित और सुविधायुक्त बनाया जाए, ताकि यहां बसने वाले परिवारों को बेहतर जीवन स्तर मिल सके।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि भलस्वा ईडब्लूएस फ्लैट्स को एक संपूर्ण आवासीय क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसमें सभी आवश्यक सुविधाएँ शामिल होंगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परिसर में सुरक्षित पाकिर्ंग, लोकल मार्केट एरिया और ई-रिक्शा चाजिर्ंग स्टेशन की स्थापना की जाए। साथ ही, बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा व दैनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए प्राथमिक विद्यालय, आंगनवाड़ी केंद्र और आयुष्मान आरोग्य मंदिर भी विकसित किए जाएंगे।

इसके अलावा, बच्चों के लिए खेल के मैदान, बुजुर्गों के लिए ओपन पार्क, महिलाओं के लिए सुरक्षित क्षेत्र और सामुदायिक सुविधाओं को भी प्राथमिकता से विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब परिवारों के पुनर्वास का यह कार्य केवल मकान देना नहीं, बल्कि उन्हें सम्मानजनक और बेहतर जीवन उपलब्ध कराना है। निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री आशीष सूद, विधायक दीपक चौधरी और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि कार्य गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में पूरा होना चाहिए। सरकार का यह कदम दिल्ली के हजारों झुग्गीवासियों के लिए नई उम्मीद लेकर आया है और यह सुनिश्चित करेगा कि उन्हें सुरक्षित, स्वच्छ और आधुनिक सुविधाओं वाला आवास जल्द मिले।

ये भी पढ़ें- बरनाला में कांग्रेस की आज बड़ी रैली, खड़गे और राहुल गांधी रहेंगे मौजूद

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें