Delhi News: दिल्ली सरकार ने राजधानी को अधिक हराभरा और प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत ग्रीन ड्राइव पोर्टल की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने दिल्ली में 70 लाख पौधे लगाने के लक्ष्य को दोहराते हुए लोगों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपने परिवार और आने वाली पीढ़ियों के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाने और उनकी देखभाल करने का आग्रह किया।
पोर्टल के जरिए मिलेगी कई सुविधाएं
ग्रीन ड्राइव पोर्टल के माध्यम से दिल्ली के नागरिक वृक्षारोपण अभियान में आसानी से शामिल हो सकेंगे। इस पोर्टल पर जाकर लोग अपनी सुविधा के अनुसार पौधे लगाने के लिए समय और स्थान की बुकिंग कर सकते हैं। इसके अलावा इच्छुक नागरिक पर्यावरण संरक्षण अभियान से जुड़ने के लिए ‘एनवायरनमेंटल सेवियर’ यानी पर्यावरण रक्षक के रूप में पंजीकरण भी करा सकते हैं। पोर्टल के माध्यम से लोग अपने नजदीकी सरकारी नर्सरी की जानकारी प्राप्त कर वहां से मुफ्त पौधे भी ले सकते हैं। इससे अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण अभियान से जोड़ने में मदद मिलेगी।
‘वृक्ष रथ’ घर-घर पहुंचाएगा पौधे
दिल्ली सरकार ने इस अभियान के तहत ‘वृक्ष रथ’ पहल भी शुरू की है। इसके जरिए वन विभाग की विशेषज्ञ टीमें घरों, स्कूलों, कॉलेजों, सरकारी और निजी कार्यालयों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA), हाउसिंग सोसायटियों और अन्य उपयुक्त स्थानों तक मुफ्त पौधे पहुंचाएंगी। सिर्फ पौधे ही नहीं, बल्कि उन्हें लगाने के लिए जरूरी उपकरण और तकनीकी मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि लगाए गए पौधे अच्छी तरह विकसित हो सकें।
‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत दिल्ली में 70 लाख पौधे लगाने के लक्ष्य को आगे बढ़ाते हुए आज दिल्ली सचिवालय से Green Drive Portal का शुभारंभ किया।
मैं सभी दिल्लीवासियों से आग्रह करती हूं कि इस जनभागीदारी अभियान से जुड़ें और हरित, स्वच्छ एवं स्वस्थ दिल्ली के निर्माण में… pic.twitter.com/kPo4etZWPh
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) July 1, 2026
नागरिकों को मिलेंगी चार प्रमुख सेवाएं
ग्रीन ड्राइव पोर्टल के माध्यम से लोगों को चार प्रमुख सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। पहली सुविधा प्लांटेशन स्लॉट बुकिंग है, जिसके जरिए नागरिक अपनी पसंद के स्थान और समय पर पौधारोपण के लिए स्लॉट बुक कर सकेंगे। दूसरी सुविधा वृक्ष रथ सेवा है। इसके तहत यदि किसी व्यक्ति, स्कूल, कार्यालय, आरडब्ल्यूए या हाउसिंग सोसायटी के पास पौधे लगाने के लिए पर्याप्त जगह है, तो वह दिल्ली सरकार से अपने परिसर में मुफ्त पौधे पहुंचाने का अनुरोध कर सकता है। तीसरी सुविधा नर्सरी लोकेटर है, जिसकी मदद से लोग अपने सबसे नजदीकी सरकारी नर्सरी का पता लगाकर वहां से मुफ्त पौधे प्राप्त कर सकेंगे। चौथी सुविधा एनवायरनमेंटल सेवियर रजिस्ट्रेशन है। इसके जरिए नागरिक आधिकारिक रूप से ‘ग्रीन वॉरियर’ के रूप में जुड़ सकेंगे और पूरे वर्ष पर्यावरण संरक्षण से जुड़े सरकारी अभियानों में भाग ले सकेंगे।
दिल्ली सरकार इस अभियान के तहत मुख्य रूप से ऐसी पेड़ों की प्रजातियां लगाएगी जो लंबे समय तक जीवित रहती हैं और पर्यावरण के लिए अधिक लाभदायक मानी जाती हैं। इनमें पीपल, बरगद, गूलर, नीम, अर्जुन और जामुन जैसे देसी पेड़ शामिल हैं। इन पौधों से न केवल हरियाली बढ़ेगी, बल्कि वायु गुणवत्ता में सुधार और जैव विविधता को भी बढ़ावा मिलेगा।
100 ऑक्सीजन पार्क विकसित करने की तैयारी
सरकार ने राजधानी में हरित क्षेत्र बढ़ाने के लिए 100 नए ऑक्सीजन पार्क विकसित करने की भी योजना बनाई है। इन पार्कों का उद्देश्य लोगों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना और शहर में हरियाली का दायरा बढ़ाना है।
सभी विधानसभा क्षेत्रों में चलेगा अभियान
पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बताया कि ग्रीन ड्राइव पोर्टल पर दिल्ली की सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में चिन्हित वृक्षारोपण स्थलों की जानकारी उपलब्ध कराई गई है। नागरिक अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी क्षेत्र में पौधे लगाने के लिए स्लॉट बुक कर सकते हैं। यह अभियान केवल सरकारी स्थानों तक सीमित नहीं रहेगा, जहां भी पर्याप्त जगह उपलब्ध होगी, वहां घरों, शिक्षण संस्थानों, कार्यालय परिसरों और रूफटॉप गार्डन में भी पौधे लगाए जाएंगे। सरकार का लक्ष्य अधिक से अधिक लोगों को इस हरित अभियान से जोड़कर दिल्ली को स्वच्छ, हराभरा और पर्यावरण के अनुकूल शहर बनाना है।

