Site icon Dainik Savera Times

दिल्ली में सुबह-सुबह लगे भूकंप के झटके, इतनी दर्ज की गई तीव्रता

Maharashtra Earthquake

Maharashtra Earthquake

नेशनल डेस्क: देश की राजधानी दिल्ली में सोमवार सुबह हल्का भूकंप महसूस किया गया। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के मुताबिक, यह भूकंप सुबह करीब 8 बजकर 44 मिनट पर आया। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 2.8 दर्ज की गई, जो काफी कम मानी जाती है। इस भूकंप का केंद्र उत्तरी दिल्ली में जमीन के लगभग 5 किलोमीटर नीचे था। झटके हल्के होने के कारण किसी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। हालांकि कुछ लोगों ने हल्का कंपन महसूस किया, जिससे वे थोड़ी देर के लिए सतर्क हो गए।

गुजरात के कच्छ में भी हिली थी धरती

इससे पहले गुजरात के कच्छ जिले में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात करीब 1 बजकर 22 मिनट पर आए इस भूकंप की तीव्रता 4.1 मापी गई थी। झटके अपेक्षाकृत तेज होने के कारण लोग डर के मारे अपने घरों से बाहर निकल आए थे। भूकंप का केंद्र खावड़ा से लगभग 55 किलोमीटर उत्तर दिशा में बताया गया है। कच्छ क्षेत्र को भूकंप के लिहाज से संवेदनशील माना जाता है, क्योंकि यहां साल 2001 में आया विनाशकारी भूकंप अब भी लोगों की यादों में ताजा है।

ये भी पढ़ें: Stock Market Update: शेयर बाजार में आज तेज गिरावट, शुरुआती कारोबार में फिसले Sensex-Nifty

क्यों आते हैं भूकंप

वैज्ञानिकों के अनुसार, भूकंप आने की वजह धरती की अंदरूनी बनावट से जुड़ी होती है। धरती के भीतर सात बड़ी टेक्टोनिक प्लेटें होती हैं, जो लगातार बहुत धीमी गति से खिसकती रहती हैं, जब ये प्लेटें आपस में टकराती हैं या एक-दूसरे से रगड़ खाती हैं, तो भीतर काफी ऊर्जा जमा हो जाती है, जब यह जमा हुई ऊर्जा अचानक बाहर निकलती है, तो जमीन में कंपन होता है। इसी कंपन को हम भूकंप के रूप में महसूस करते हैं।

सतर्क रहने की सलाह

विशेषज्ञों का कहना है कि हल्के भूकंप आमतौर पर नुकसान नहीं पहुंचाते, लेकिन भूकंप संभावित इलाकों में रहने वाले लोगों को हमेशा सतर्क रहना चाहिए और सुरक्षा से जुड़े दिशा-निर्देशों का पालन करना चाहिए।

ये भी पढ़ें: मैच जीतने के बाद Captain Michael Bracewell का आया बड़ा बयान, ‘न्यूजीलैंड भले ही दुनिया का एक छोटा देश है’…

Exit mobile version