Delhi Flood Alert : दिल्ली-एनसीआर इन दिनों मौसम की दोहरी मार झेल रहा है। एक ओर लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त है, तो दूसरी ओर यमुना नदी का बढ़ता जलस्तर बाढ़ जैसे हालात पैदा कर रहा है। राजधानी दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में बुधवार से ही बारिश का सिलसिला जारी है। गुरुवार सुबह भी दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में तेज बारिश हुई, हालांकि कुछ देर बाद मौसम शांत हुआ। मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों तक बारिश का यह दौर जारी रहेगा।
Latest District wise nowcast Warning (Valid upto 1900IST of 03-09-2025) shows-
Red nowcast warning Heavy spells (>15 mm/hr) accompanied with Thunderstorms- Haryana – Panipat, Sonipat, Gurugram, Faridabad, Palwal, Mewat
Orange nowcast warning Moderate spells (5-15 mm/hr)… pic.twitter.com/y8YR9GGF5V
— India Meteorological Department (@Indiametdept) September 3, 2025
लगातार जारी बारिश, IMD का अलर्ट
IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में 7 सितंबर तक बारिश से राहत नहीं मिलेगी। 4 सितंबर को दिनभर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है, वहीं 5 सितंबर को गरज-चमक के साथ मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। 6 और 7 सितंबर को भी बादल छाए रहने और हल्की बारिश के आसार हैं। हालांकि 8 और 9 सितंबर को मौसम में सुधार हो सकता है और आसमान साफ दिखने लगेगा। मौसम विभाग ने दिल्ली के कई हिस्सों के लिए पहले रेड अलर्ट जारी किया था, जिसे बाद में ऑरेंज अलर्ट में बदला गया।
#WATCH दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में बारिश हुई।
वीडियो मोती बाग इलाके से है। pic.twitter.com/9DXU6rd4sb
— ANI_HindiNews (@AHindinews) September 4, 2025
यमुना का रौद्र रूप
बारिश के बीच सबसे बड़ी चिंता यमुना नदी का बढ़ता जलस्तर है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार, दिल्ली रेलवे ब्रिज पर यमुना का जलस्तर 207.27 मीटर तक पहुंच गया है, जो खतरे के स्तर (205.33 मीटर) से लगभग 2 मीटर ऊपर है। बता दें कि 2010 में यमुना का जलस्तर 207.11 मीटर तक पहुंचा था। 15 साल बाद एक बार फिर वैसा ही संकट देखने को मिल रहा है।
यमुना के पानी ने कई निचले इलाकों में दस्तक दे दी है। मयूर विहार, यमुना बाजार, अक्षरधाम और निगम बोध घाट के आसपास बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। मॉनेस्ट्री मार्केट पूरी तरह से जलमग्न है। लोगों के घरों में पानी घुसने से कई परिवारों को राहत कैंपों में शरण लेनी पड़ी है।
#WATCH दिल्ली: यमुना नदी में उफान से निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।
वीडियो पुराने लोहे के पुल से ड्रोन से लिया गया। pic.twitter.com/RA2qNEc9Xp
— ANI_HindiNews (@AHindinews) September 4, 2025
श्मशान घाट में भरा पानी
सबसे गंभीर स्थिति श्मशान घाटों की है। निगम बोध घाट में पानी भर जाने के कारण वहां शवों का अंतिम संस्कार रोकना पड़ा है। घाट की दीवार का हिस्सा टूटने से यमुना का पानी परिसर में घुस गया। यहां 42 दाह स्थल हैं, जो अब पूरी तरह पानी में डूब चुके हैं। इसके अलावा वजीराबाद और गीता कॉलोनी के श्मशान घाट में भी जलभराव है। प्रशासन लोगों को अस्थायी रूप से पंजाबी बाग श्मशान घाट जाने की सलाह दे रहा है।
यातायात और उड़ानों पर असर
खराब मौसम और जलभराव का असर दिल्ली के यातायात पर भी पड़ रहा है। कई इलाकों में सड़कें जलमग्न होने से लंबा जाम लग रहा है। वहीं, फ्लाइट संचालन पर भी असर दिखाई दे रहा है। स्पाइसजेट सहित अन्य एयरलाइनों ने यात्रियों से अपनी उड़ानों की स्थिति चेक करने की अपील की है।
दिल्ली (DEL) में खराब मौसम के कारण सभी प्रस्थान/आगमन और उनसे संबंधित उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं। यात्रियों से अनुरोध है कि वे अपनी उड़ानों की स्थिति पर नज़र रखें: स्पाइसजेट pic.twitter.com/tT2IiwXckF
— ANI_HindiNews (@AHindinews) September 4, 2025
राहत कार्य जारी
प्रशासन की ओर से यमुना किनारे बसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजने का कार्य जारी है। एनडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन ने बचाव दल तैनात किए हैं। हालांकि लगातार हो रही बारिश और नदी के उफान से हालात और बिगड़ सकते हैं।

