Delhi Noida Traffic Advisory: राजधानी दिल्ली और नोएडा में आज ट्रैफिक को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। आपको बता दें कि डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती के मौके पर दोनों शहरों में बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिसके कारण सुबह से शाम तक यातायात प्रभावित रहने की संभावना है। ऐसे में ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से यात्रा से पहले प्लानिंग करने और वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की अपील की है।
नोएडा में ट्रैफिक डायवर्जन
नोएडा में दलित प्रेरणा स्थल के आसपास भारी भीड़ को देखते हुए कई रूट्स पर बदलाव किया गया है। बता दें कि ग्रेटर नोएडा से आने वाले वाहनों को जरूरत पड़ने पर सेक्टर-37, अट्टापीर और रजनीगंधा चौक की ओर मोड़ा जा सकता है। फिल्म सिटी फ्लाईओवर पर दबाव बढ़ने की स्थिति में ट्रैफिक सेक्टर-18 और एलीवेटेड रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, नोएडा से ग्रेटर नोएडा जाने वाले वाहनों को सेक्टर-14A फ्लाईओवर से सेक्टर-15 गोलचक्कर की ओर भेजा जा सकता है।
पार्किंग की व्यवस्था
नोएडा में अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए विशेष पार्किंग तय की गई है। दिल्ली से आने वाले वाहनों को फिल्म सिटी की मल्टीलेवल पार्किंग में खड़ा करने की सलाह दी गई है, जबकि कालिंदी कुंज की ओर से आने वाले वाहन सेक्टर-95 के पास पार्क कर सकेंगे।
ये भी पढ़ें:
दिल्ली में ट्रैफिक रहेगा प्रभावित
दिल्ली में रामलीला मैदान में दोपहर तक जनसभा और उसके बाद शोभा यात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक बाधित रह सकता है।
इन रास्तों से बचें
यातायात पुलिस ने कुछ प्रमुख सड़कों से बचने की सलाह दी है, जिनमें जेएलएन मार्ग, आसफ अली रोड, मिंटो रोड, अजमेरी गेट, कुतुब रोड और रानी झांसी मार्ग शामिल हैं। इन इलाकों में भारी भीड़ और जाम की स्थिति बन सकती है।

शोभा यात्रा का रूट
शोभा यात्रा रामलीला मैदान से शुरू होकर अजमेरी गेट, खारी बावली, सदर बाजार, फिल्मिस्तान होते हुए पहाड़गंज स्थित अंबेडकर भवन तक जाएगी, जिससे इन क्षेत्रों में यातायात धीमा रह सकता है।
यात्रियों के लिए जरूरी सलाह
जाम से बचने के लिए दिल्ली मेट्रो का इस्तेमाल सबसे बेहतर विकल्प माना जा रहा है। अगर निजी वाहन से यात्रा करनी हो, तो वैकल्पिक मार्ग अपनाएं और भीड़भाड़ वाले इलाकों से दूर रहें। किसी भी असुविधा की स्थिति में नोएडा ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर 9971009001 पर संपर्क किया जा सकता है। प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील की है ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से बनी रहे।
ये भी देखें :
मेष: दिन शुभ रहेगा...