Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

रिठाला मेट्रो स्टेशन के पास आग का तांडव, 50 झुग्गियां जलकर हुईं खाक

March 5, 2026

रिठाला मेट्रो स्टेशन के पास आग का तांडव, 50 झुग्गियां जलकर हुईं खाक

नेशनल डेस्क: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार सुबह एक बड़ी आग की घटना सामने आई। रिठाला मेट्रो स्टेशन के पास बनी झुग्गी बस्ती में तड़के अचानक आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते कई झुग्गियां इसकी चपेट में आ गईं।

दमकल विभाग के अनुसार, सुबह करीब 4:15 बजे आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की करीब 15 गाड़ियों को तुरंत मौके पर भेजा गया। दमकलकर्मी मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुट गए।

झुग्गियां एक-दूसरे से सटी हुई थीं और उनमें बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामान रखा हुआ था। इसी कारण आग तेजी से फैलती चली गई। आग पर काबू पाने में दमकलकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कई घंटों की कड़ी मेहनत के बाद आग को लगभग पूरी तरह नियंत्रित कर लिया गया।

घटना के समय ज्यादातर लोग सो रहे थे। आग की लपटें और धुआं देखकर लोग तुरंत बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में सहयोग किया और कई परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

राहत की बात यह है कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। हालांकि आग में करीब 50 झुग्गियां जलकर राख हो गईं, जिससे कई परिवारों का सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। शुरुआती अनुमान के मुताबिक लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। फायर विभाग और स्थानीय प्रशासन मामले की जांच कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद देने की तैयारी की जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें