Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

सावधान! मार्च 2026 से 500 के नोट ATM में नहीं निकल सकते? जानिए इसका पूरा सच

January 3, 2026

सावधान! मार्च 2026 से 500 के नोट ATM में नहीं निकल सकते? जानिए इसका पूरा सच

नेशनल डेस्क : देश में जब भी नोटबंदी का जिक्र होता है, लोगों को 8 नवंबर 2016 की वो तस्वीरें याद आ जाती हैं, जब 500 और 1000 रुपये के नोट बंद होने के बाद बैंकों और एटीएम के बाहर लंबी-लंबी कतारें लग गई थीं। इसी वजह से जब भी करेंसी को लेकर कोई खबर सामने आती है, तो लोगों की चिंता बढ़ जाती है।

इन दिनों सोशल मीडिया पर एक बार फिर ऐसी ही चर्चाएं तेज हैं। दरअसल वायरल पोस्ट्स में दावा किया जा रहा है कि सरकार मार्च 2026 से 500 रुपये के नोट बंद कर सकती है और एटीएम से भी ये नोट निकलना बंद हो जाएंगे। इस दावे के बाद लोग असमंजस में पड़ गए हैं कि कहीं दोबारा नोटबंदी तो नहीं होने जा रही।

क्या है इन दावों की हकीकत?

सरकार की फैक्ट-चेकिंग एजेंसी प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) ने इन खबरों को पूरी तरह से गलत बताया है। PIB के मुताबिक, रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने 500 रुपये के नोटों को बंद करने को लेकर कोई भी घोषणा नहीं की है। मार्च 2026 तक इन नोटों का सर्कुलेशन खत्म होने की बात पूरी तरह भ्रामक है।

PIB ने साफ किया है कि 500 रुपये के नोट पूरी तरह वैध हैं और आगे भी चलन में बने रहेंगे। फिलहाल सरकार या RBI की तरफ से नोटबंदी जैसा कोई कदम उठाने की योजना नहीं है।

पहले भी फैल चुकी हैं ऐसी अफवाहें

यह पहली बार नहीं है जब 500 रुपये के नोटों को लेकर अफवाह फैली हो। इससे पहले भी सोशल मीडिया और कुछ ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर इसी तरह के दावे सामने आ चुके हैं। जून महीने में भी ऐसी ही खबरें वायरल हुई थीं, जिनमें कहा गया था कि सरकार मार्च 2026 तक 500 रुपये के नोट बंद कर सकती है।

इन अफवाहों पर अगस्त में वित्त मंत्रालय में राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने संसद में स्थिति स्पष्ट की थी। उन्होंने कहा था कि 500 रुपये के नोटों की सप्लाई बंद करने का कोई प्रस्ताव नहीं है। ये नोट सुरक्षित हैं और आगे भी सर्कुलेशन में रहेंगे। साथ ही उन्होंने यह भी बताया था कि एटीएम से 100, 200 रुपये के नोटों के साथ-साथ 500 रुपये के नोट भी मिलते रहेंगे।

सरकार की अपील

सरकार ने लोगों से अपील की है कि करेंसी से जुड़ी किसी भी जानकारी पर बिना पुष्टि के भरोसा न करें। नोटों से संबंधित कोई भी बड़ा फैसला RBI द्वारा अपने आधिकारिक चैनलों के माध्यम से ही घोषित किया जाता है। इसलिए सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों से सतर्क रहने की जरूरत है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें