महाकुंभनगर। देश के विख्यात स्वतंत्र वैज्ञानिक डा. अजय कुमार सोनकर ने दावा किया है कि महाकुंभ में करोड़ों श्रद्धालुओं के आस्था की डुबकी लगाने के बावजूद गंगा-यमुना का जल आचमन और स्नान करने योग्य नितांत शुद्ध है। डा. सोनकर ने उन खबरों को भ्रामक बताया जिसमें कहा गया है कि गंगा का पानी आचमन एवं स्नान योग्य नहीं है। उन्होने दावा किया कि कोई भी व्यक्ति उनके साथ संगम तट चलकर जल का सैंपल लेकर उनके लैब में जांच कर सच्चाई को परख सकता है। उन्होंने हाल ही में गंगा तट के पांच स्थलों से जल का सैंपल लिया। प्रयोगशाला में जांच करने के बाद उसमें किसी प्रकार के अवयव नहीं मिले जो मानव के लिए हानिकारक हो।
उन्होंने कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं के स्नान करने के बावजूद गंगा के जल में बैक्टीरियल ग्रोथ ऐसी नहीं मिली कि जल रोगमय हो जाए। एक सवाल के जवाब में डा सोनकर ने बताया कि पानी में बैक्टीरिया की वृद्धि अक्सर पानी को अधिक अम्लीय बना देती है, क्योंकि बैक्टीरिया अपने चयापचय के हिस्से के रूप में अम्लीय उप उत्पाद उत्पन्न करते हैं, जो आप-पास के पानी में लैक्टिक एसिड या काबरेनिक एसिड छोड़ते हैं जिससे पीएस स्तर कम हो जाता है और यह अधिक अम्लीय हो जाता है। पांच नमूनों के जांच में गंगा जल अम्लीय नहीं पाया गया। माइक्रोस्कोप में परीक्षण में जीवित बैक्टीरिया की तादाद बहुत ही कम थी।
राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) की रिपोर्ट को लेकर पूछे गए एक अन्य सवाल पर उन्होंने किसी प्रकार की टिप्पणी करने से इंकार कर दिया। डॉ सोनकर का कहना है कि ऐसी खबर उन्होंने नौ नवम्बर को भी देखी थी जब महाकुंभ शुरू भी नहीं हुआ था, यदि बात में सच्चाई होती तो अब तक करोड़ो लोग संक्रमित होकर अस्पताल पहुंच गए होते,लेकिन ऐसा कुछ भी देखने और सुनने को मिला।
डा. सोनकर ने बताया कि इंक्यूबेशन तापमान पर संकलित जल नमूनों को रखा लेकिन 14 घंटों के बाद भी बैक्टीरिया के तादाद में कोई बढ़ोत्तरी नहीं हुई और उसमे किसी प्रकार की दुर्गंध महसूस नहीं किया गया। स्नान के दौरान बहुत से श्रद्धालु रूग्ण और कमजोर प्रतिरोधक क्षमता वाले रहे होंगे लेकिन कहीं से दूषित जल से होने वाले संक्रमण की कोई खबर नहीं आयी। ऐसा कुछ भी नहीं देखने को और नहीं सुनने को मिला है।
ये भी पढ़ें: अमृतपाल सिंह केस में HC का अहम फैसला: NSA हिरासत को चुनौती देने वाली याचिका की खारिज

