Dainik Savera Times

रेलवे स्टेशन नहीं, अब मिनी टर्मिनल बना देवलाली, हरियाली, लाइटिंग और स्मार्ट संकेतों से सजा देवलाली स्टेशन

नासिक (आकाश द्विवेदी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से देश के 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में स्थित 103 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया। ये स्टेशन अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक रूप से पुनर्निर्मित किए गए हैं।इन 103 स्टेशनों को लगभग 1100 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया गया है। देवलाली रेलवे स्टेशन, जो कि मध्य रेलवे के भुसावल मंडल के अंतर्गत आता है, अब एक आधुनिक रूप में यात्रियों का स्वागत कर रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 26 फरवरी 2024 को इस स्टेशन के पुनर्विकास कार्य की आधारशिला रखी थी। इस परियोजना पर कुल 10.44 करोड़ रुपये की लागत आई है। अब देवलाली स्टेशन को अत्याधुनिक अवसंरचना और यात्री सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है, जिससे यात्रियों को कहीं अधिक सुविधाजनक और आरामदायक अनुभव मिल रहा है।

स्टेशन के बाहरी क्षेत्र और पार्किंग को पहले से काफी अधिक विस्तृत और व्यवस्थित किया गया है, जिससे यात्री वाहनों की आवाजाही अब सुगम हो गई है। साथ ही स्टेशन का नया प्रवेश द्वार और पोर्च अब अधिक आकर्षक और स्वागत योग्य प्रतीत होता है। प्लेटफॉर्म्स को भी पूरी तरह से पुनःसतहयुक्त किया गया है और सीओपी (कवर्ड ओवर प्लेटफॉर्म) को बढ़ाया गया है ताकि यात्रियों को मौसम की मार से बेहतर सुरक्षा मिल सके।

दिव्यांगजन यात्रियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखते हुए विशेष रूप से अनुकूलित शौचालयों का नवीनीकरण किया गया है और उनके लिए दो नए पेयजल स्टैंड लगाए गए हैं। इसके अतिरिक्त एक नया बुकिंग ऑफिस भी बनाया गया है, जिससे टिकटिंग सेवाओं में सुधार हुआ है। स्टेशन परिसर में हरियाली को बढ़ावा देते हुए सुंदर बाग-बगिचों का विकास किया गया है।

कार्यालयों को भी बेहतर और सुविधाजनक बनाया गया है, जिससे रेलकर्मियों की कार्यक्षमता में वृद्धि हो सके। यात्रियों की सुविधा के लिए दो नए लिफ्ट लगाए गए हैं, जिससे प्लेटफॉर्म पर पहुंचना अधिक आसान हो गया है। साथ ही एक्जीक्यूटिव लाउंज, एसएस और आरक्षण कार्यालय को वातानुकूलित कर दिया गया है।

बिजली व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है, जिसमें 62.5 केवीए का डीजी सेट, दो हाई मास्ट और दो स्टेडियम मास्ट लाइटें लगाई गई हैं। प्लेटफॉर्म, एफओबी और कार्यालयों में अब ऑटो-डिमेबल लाइटें लगी हैं, जिससे बिजली की बचत के साथ ही बेहतर रोशनी मिलती है। उद्यान क्षेत्र में आकर्षक लाइटिंग के लिए गार्डन लाइट्स और अष्टकोणीय पोल लगाए गए हैं।

यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन के नाम के बोर्ड अब त्रिभाषीय (हिंदी, अंग्रेज़ी और मराठी) बनाए गए हैं और संपूर्ण स्टेशन पर दिशा-निर्देश देने वाले नए साइनेज बोर्ड लगाए गए हैं। बिजली आपूर्ति की विश्वसनीयता को सुनिश्चित करने के लिए एक नया सबस्टेशन और उन्नत केबल एवं पैनल आधारित प्रणाली स्थापित की गई है। देवलाली स्टेशन का यह कायाकल्प यात्रियों को एक नया अनुभव देने के साथ-साथ रेलवे की आधुनिकता की दिशा में एक मजबूत कदम है।

मुख्य आकर्षण :

Exit mobile version