Site icon Dainik Savera Times

देश में शुरू हुई ई-पासपोर्ट सेवा, जानें कैसे करें अपलाई

नेशनल डेस्क: भारत सरकार ने देश में ई-पासपोर्ट सेवा की शुरुआत कर दी है। इस नई सुविधा से विदेश यात्रा करने वालों को अब पहले से ज्यादा सुरक्षित, तेज़ और आसान प्रक्रिया मिलेगी। ई-पासपोर्ट दिखने में बिल्कुल पुराने पासपोर्ट जैसा ही होता है, लेकिन इसकी खासियत इसके अंदर लगी इलेक्ट्रॉनिक चिप है।

क्या है ई-पासपोर्ट?

ई-पासपोर्ट एक ऐसा स्मार्ट पासपोर्ट है, जिसमें एक इलेक्ट्रॉनिक चिप लगी होती है। इस चिप में पासपोर्ट धारक की सारी जरूरी जानकारी जैसे नाम, जन्म तिथि, पता, फिंगरप्रिंट्स और अन्य बायोमेट्रिक डिटेल्स सुरक्षित रूप से दर्ज रहती हैं। यह चिप डिजिटल तरीके से एन्क्रिप्टेड रहती है यानी इसमें किसी तरह की छेड़छाड़ या डुप्लीकेशन संभव नहीं है। इसी वजह से यह पासपोर्ट फर्जीवाड़े और पहचान चोरी जैसे अपराधों से सुरक्षा देता है।

ये भी पढ़ें: मौत को छू के टक से वापिस आए बॉलीवुड के ही मैन ‘Dharmendra’, अस्पताल से मिली छुट्टी

क्या है ई-पासपोर्ट बनवाने की प्रक्रिया?

ई-पासपोर्ट बनवाने का तरीका लगभग पुराने पासपोर्ट जैसा ही है। प्रक्रिया इस तरह है…

1. सबसे पहले पासपोर्ट सेवा केंद्र की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।

2. नया रजिस्ट्रेशन करें और सभी जरूरी जानकारी सही-सही भरें।

3. तय फीस का ऑनलाइन भुगतान करें और अपॉइंटमेंट बुक करें।

4. भुगतान के बाद आपको एप्लिकेशन रेफरेंस नंबर और अपॉइंटमेंट डिटेल्स की रसीद डाउनलोड करनी होगी।

5. तय दिन पर सभी जरूरी दस्तावेज़ों की मूल व फोटोकॉपी लेकर पासपोर्ट सेवा केंद्र पहुंचें।

6. वहां आपकी बायोमेट्रिक प्रक्रिया (फोटो, फिंगरप्रिंट आदि) पूरी की जाएगी और दस्तावेजों का वेरिफिकेशन होगा।

7. इसके बाद पुलिस वेरिफिकेशन की प्रक्रिया चलेगी।

8. सब कुछ सही पाए जाने पर ई-पासपोर्ट तैयार होकर स्पीड पोस्ट से सीधे आपके घर पहुंचा दिया जाएगा।

क्या हैं ई-पासपोर्ट के फायदे?

ई-पासपोर्ट की सबसे बड़ी खासियत इसकी सुरक्षा और सुविधा है। इसमें मौजूद जानकारी एन्क्रिप्टेड होती है, इसलिए कोई भी डेटा से छेड़छाड़ नहीं कर सकता। इमिग्रेशन प्रक्रिया के दौरान अधिकारियों को पासपोर्ट खोले बिना ही चिप से जरूरी जानकारी मिल जाती है। इससे यात्रियों को लंबी लाइनों से राहत मिलेगी और जांच प्रक्रिया बहुत तेज़ हो जाएगी। यह पासपोर्ट अंतरराष्ट्रीय बायोमेट्रिक सिस्टम से जुड़ा हुआ है, इसलिए यह ग्लोबल स्टैंडर्ड पर पूरी तरह खरा उतरता है। दुनिया के कई विकसित देशों की तरह अब भारत भी उन देशों की सूची में शामिल हो गया है, जो स्मार्ट और सुरक्षित यात्रा दस्तावेज़ जारी करते हैं।

ये भी पढ़ें: Today’s Weather 12 Nov 2025: उत्तर भारत में ठंड तो दक्षिण में बारिश ने बढ़ाई लोगों की परेशानी! पांच राज्यों में शीत लहर का अलर्ट जारी

सरकार का उद्देश्य

सरकार का कहना है कि इस नई सेवा का उद्देश्य सिर्फ यात्रा को स्मार्ट और आसान बनाना ही नहीं, बल्कि नागरिकों के डेटा की सुरक्षा को भी मजबूत करना है।

Exit mobile version