Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

Today’s Weather 12 Nov 2025: उत्तर भारत में ठंड तो दक्षिण में बारिश ने बढ़ाई लोगों की परेशानी! पांच राज्यों में शीत लहर का अलर्ट जारी

November 12, 2025

Today’s Weather 12 Nov 2025: उत्तर भारत में ठंड तो दक्षिण में बारिश ने बढ़ाई लोगों की परेशानी! पांच राज्यों में शीत लहर का अलर्ट जारी

Today’s Weather 12 Nov 2025 : देश के कई हिस्सों में नवंबर के दूसरे हफ्ते से ही सर्दी ने जोर पकड़ लिया है। मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि आने वाले 2 से 4 दिनों में तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी। उत्तर भारत के कई राज्यों में बर्फीली हवाओं के चलते ठंड का असर तेजी से बढ़ रहा है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी के बाद मैदानी इलाकों तक सर्द हवाएं पहुंच चुकी हैं, जिससे पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया है।

शीत लहर का कहर: 5 राज्यों में अलर्ट

मौसम विभाग ने हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भीषण शीत लहर का अलर्ट जारी किया है। पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 12 से 14 नवंबर के बीच शीत लहर चलने की संभावना जताई गई है। विभाग के अनुसार, सप्ताह के अंत तक सर्दी के साथ कोहरे में भी बढ़ोतरी होगी, जिससे रेल, सड़क और हवाई सेवाओं पर असर पड़ सकता है।

ये भी पढ़ें:  जानें कैसा रहेगा आपका दिन, किसे मिलेगी सफलता और किसे बरतनी होगी सावधानी

दिल्ली में हड्डियां कंपाने वाली ठंड और दमघोंटू हवा

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुबह-शाम की ठंड अब हड्डियों तक महसूस हो रही है। न्यूनतम तापमान गिरकर 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि दिन का अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री के आसपास रहेगा। 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाएं सर्दी को और तीखा बना रही हैं। इस बीच, प्रदूषण भी गंभीर स्तर पर पहुंच गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 423 दर्ज किया गया है, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है। बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए ग्रैप (GRAP) के तीसरे चरण के तहत सख्त प्रतिबंध लागू किए गए हैं।

उत्तर प्रदेश और बिहार में गलन भरी सुबहें

उत्तर प्रदेश में ठंडी हवाओं ने सर्दी का प्रकोप बढ़ा दिया है। कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के आसपास पहुंच गया है। मौसम विभाग का कहना है कि तेज हवाओं और कोहरे के चलते ठंड में और बढ़ोतरी होगी। ग्रामीण इलाकों में गलन भरी सुबहें शुरू हो चुकी हैं। बिहार में भी मौसम का रुख इसी तरह ठंडा बना हुआ है। पटना समेत कई शहरों में प्रदूषण का स्तर बढ़ रहा है, जबकि ग्रामीण इलाकों में कोहरे के कारण दृश्यता घटने लगी है।

कश्मीर में बर्फबारी से सर्दी की बहार

उत्तरी राज्यों के पहाड़ी इलाकों में सर्दी का अलग ही नजारा देखने को मिल रहा है। जम्मू-कश्मीर, गुलमर्ग, सोनमर्ग और पहलगाम में बर्फबारी ने मौसम को खुशनुमा बना दिया है। हालांकि अगले 10 दिनों तक कोई बड़ा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं रहेगा, लेकिन सुबह और शाम को कोहरे और ठंडी हवाओं के चलते तापमान में गिरावट जारी रहेगी।

दक्षिण भारत में बारिश की दस्तक

जहां उत्तर भारत ठंड की चपेट में है, वहीं दक्षिण के कई राज्यों में बारिश का दौर शुरू हो गया है। तमिलनाडु, केरल, पुडुचेरी और ओडिशा में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें