Site icon Dainik Savera Times

डंकी रूट मामले में ED की बड़ी कार्रवाई, 6 किलो सोना, 313 KG चांदी और 4.62 करोड़ कैश जब्त

नेशनल डेस्क। प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जालंधर जोन की टीम ने डंकी रूट से जुड़े एक बड़े अवैध नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। ईडी ने पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में एक साथ 13 रिहायशी और कारोबारी ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई अवैध तरीके से लोगों को अमेरिका भेजने वाले गिरोह के खिलाफ की गई है। छापेमारी के दौरान दिल्ली में एक ट्रैवल एजेंट के ठिकाने से ईडी को बड़ी मात्रा में नकदी और कीमती धातुएं मिलीं। जहां से 4.62 करोड़ रुपये नकद, लगभग 313 किलो चांदी, करीब 6 किलो सोने की बुलियन बरामद की गई है। ईडी के अनुसार, जब्त किए गए नकद, चांदी और सोने की कुल कीमत करीब 19.13 करोड़ रुपये आंकी गई है। यह रकम डंकी रूट के जरिए लोगों को विदेश भेजने से वसूली गई बताई जा रही है।

डंकी रूट के पूरे नेटवर्क के सबूत मिले
छापेमारी के दौरान ईडी को कई अहम दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और चैट भी मिली हैं। इन सबूतों से यह साफ हो रहा है कि डंकी रूट का यह नेटवर्क काफी बड़े स्तर पर काम कर रहा था और इसमें कई लोग शामिल हैं।

हरियाणा से डंकी रूट के बड़े खिलाड़ी के दस्तावेज जब्त
हरियाणा में डंकी रूट से जुड़े एक बड़े आरोपी के ठिकाने से इस अवैध धंधे के रिकॉर्ड, कागजात और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं। इससे पूरे नेटवर्क की परतें खुलने लगी हैं।

मैक्सिको के रास्ते अमेरिका भेजे जाते थे लोग
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी लोगों को मैक्सिको के रास्ते अमेरिका भेजते थे। इसके बदले उनसे मोटी रकम ली जाती थी। कई मामलों में आरोपी पैसे की गारंटी के तौर पर लोगों की जमीन और मकान के कागजात अपने पास रख लेते थे।

मोबाइल फोन और आपत्तिजनक दस्तावेज भी जब्त
छापेमारी के दौरान अन्य आरोपियों के ठिकानों से कई मोबाइल फोन, आपत्तिजनक दस्तावेज और डिजिटल सबूत भी जब्त किए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

अमेरिका से डिपोर्ट हुए 330 भारतीयों के बाद शुरू हुई जांच
ईडी ने इस मामले की जांच फरवरी 2025 में दर्ज हुई एफआईआर के आधार पर शुरू की थी। दरअसल, फरवरी में अमेरिका ने एक मिलिट्री कार्गो विमान के जरिए करीब 330 भारतीय नागरिकों को डिपोर्ट किया था। जांच में सामने आया कि इन सभी लोगों को अवैध तरीके से, यानी डंकी रूट के जरिए अमेरिका भेजा गया था।

पूरे नेटवर्क के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
ईडी का कहना है कि अब तक मिले सबूतों के आधार पर डंकी रूट से जुड़े पूरे नेटवर्क की पहचान की जा रही है। इस अवैध धंधे में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की भी तलाश जारी है।

ये भी पढ़ेंः Comedian Bharti Singh के घर गूंजी किलकारी, बेटे को दिया जन्म

Exit mobile version