Encounter Mastermind of Vijay Saini-Anjali murder case : झज्जर। विजय सैनी और अंजलि हत्याकांड में फरार मुख्य आरोपी संजय बिरधाना को शुक्रवार देररात सीआईए झज्जर और स्पेशल स्टाफ की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस की यह दूसरी सफलता है।
इसी मामले में आरोपी इंद्रपाल भी STF के साथ मुठभेड़ में मारा गया था। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी रणखंडा-कड़ौधा क्षेत्र के खेतों में छिपा है। सीआईए झज्जर और स्पेशल स्टाफ की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी संजय ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान संजय को तीन गोलियां लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। एसआई संयम सिंह के बाएं बाजू में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं पीएसआई मोहित और सीआईए प्रभारी निरीक्षक कर्मबीर फोगाट पर भी फायरिंग हुई, लेकिन दोनों अधिकारियों ने बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी, जिससे वे सुरक्षित बच गए। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार संजय एक कुख्यात अपराधी था। उसने 31 मई को गांव दुजाना में विजय सैनी की गोली मारकर हत्या की थी।
इससे पहले वर्ष 2021 में विजय सैनी के बेटे अनिल की हत्या का भी आरोपी वही था। इसी वर्ष 2 मार्च को उसने अपनी पत्नी की हत्या भी कर दी थी। इन घटनाओं के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। मामले में पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री ने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 8 टीमें लगातार छापेमारी कर रही थीं। गुप्त सूचना के आधार पर रणखंडा-कड़ौधा क्षेत्र में कार्रवाई की गई। पुलिस को देखते ही आरोपी ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी संजय मारा गया, जबकि एसआई संयम सिंह घायल हुए हैं। मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश भी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि विजय सैनी और अंजलि हत्याकांड से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों को जल्द कानून के दायरे में लाया जाएगा।
Also Read :
मेष: दिन शुभ रहेगा...