
Fish Venkat Death News : तेलुगु फिल्मों के मशहूर एक्टर और कॉमेडियन फिश वेंकट अब हमारे बीच नहीं रहे। वे 53 साल के थे और किडनी फेल होने के कारण हैदराबाद के एक अस्पताल में उनका निधन हो गया। वेंकट कई महीनों से किडनी की बीमारी से परेशान थे। हाल ही में उनकी तबीयत और ज्यादा खराब हो गई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन वो सफल नहीं हो पाए। इस खबर के बाद से इंडस्ट्री में शोक है। वेंकट अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चों को छोड़ गए हैं। उनके निधन से सिनेमा इंडस्ट्री में गहरा शोक है। फैंस और साथी कलाकार उन्हें याद कर रहे हैं।
डॉक्टरों ने दी थी किडनी ट्रांसप्लांट की सलाह
डॉक्टरों ने वेंकट को किडनी ट्रांसप्लांट कराने की सलाह दी थी, लेकिन यह प्रक्रिया बहुत महंगी थी। परिवार के पास इतना पैसा नहीं था कि वो ये खर्च उठा सके। इलाज के दौरान वेंकट को डायलिसिस और वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया, फिर भी उनकी हालत बिगड़ती गई और आखिरकार उन्होंने दम तोड़ दिया।
बेटी ने लगाई थी मदद की गुहार
इस महीने की शुरुआत में वेंकट की तबीयत बिगड़ी तो उन्हें ICU में भर्ती किया गया। उनकी बेटी ने मीडिया से बात करते हुए कहा था “पापा की हालत बहुत गंभीर है। उन्हें किडनी ट्रांसप्लांट की जरूरत है, जिसमें करीब 50 लाख रुपये का खर्च आएगा।”
प्रभास से मदद की उम्मीद, लेकिन कोई सहायता नहीं मिली
जब इलाज का खर्च बढ़ने लगा तो वेंकट के परिवार को एक कॉल आया, जिसमें कहा गया कि सुपरस्टार प्रभास की ओर से मदद मिलेगी। लेकिन बाद में उनके रिश्तेदार ने साफ किया कि यह कॉल फर्जी था। प्रभास को इस बारे में कुछ पता ही नहीं था और परिवार को कोई आर्थिक मदद नहीं मिली।
विलेन से कॉमेडियन तक का सफर
फिश वेंकट का जन्म 1971 में आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम में हुआ था। उन्होंने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत साल 2000 में फिल्म सम्मक्का सारक्का से की थी। शुरुआत में वे विलेन के रोल करते थे, लेकिन बाद में उन्होंने कॉमेडी किरदारों में नाम कमाया।
अंतिम फिल्म: ‘कॉफी विद अ किलर’
उनकी आखिरी फिल्म 2025 में आई ‘कॉफी विद अ किलर’ थी, जिसे आर. पी. पट्नायक ने डायरेक्ट किया था।