नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने परिसीमन से जुड़े महिला आरक्षण संशोधन विधेयक पर चर्चा के लिए बुलाई गई संसद की विशेष बैठक से एक दिन पहले रविवार को ‘नारी शक्ति’ को सशक्त बनाने के भाजपा और एनडीए के संकल्प की याद दिलाई तथा रेखांकित किया कि उनके लिए राष्ट्रीय हित सर्वोपरि है। प्रधानमंत्री ने रविवार को अपने सोशल मीडिया मंच से एक वीडियो संदेश की क्लिप साझा की जो उन्होंने इस साल अप्रैल में संवैधानिक संशोधन विधेयक के लोकसभा में पारित नहीं हो पाने के बाद दिया था।
मोदी ने वीडियो में कहा कि लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान करने वाला ‘नारी शक्ति वंदन’ संशोधन विधेयक समय की मांग है। उन्होंने कहा कि जब कुछ लोगों के लिए पार्टी का हित ही सब कुछ बन जाता है, यहां तक कि राष्ट्रीय हित से भी बड़ा हो जाता है, तो ‘नारी शक्ति’ और राष्ट्रीय हित को इसकी कीमत चुकानी पड़ती है। मोदी ने कहा, ‘हमारी आंतरिक शक्ति अजेय है।
आधी आबादी के सपनों और देश के भविष्य के लिए, हमें इस संकल्प को पूरा करना होगा।’ प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘नारी शक्ति’ के सशक्तिकरण के लिए भाजपा और एनडीए का संकल्प अडिग है, ‘हमारे लिए राष्ट्रीय हित सर्वोपरि है’।’ उन्होंने कहा कि महिलाओं को प्रतिनिधित्व दिलाने की लड़ाई दशकों से चल रही है और वे खुद भी कई वर्षों से इस दिशा में काम करने वालों में से एक रहे हैं।
वहीं, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, अमित शाह और जेपी नड्डा, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन तथा पार्टी के लोकसभा और राज्यसभा सदस्यों ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। प्रधानमंत्री की पार्टी नेताओं के साथ यह मुलाकात सरकार द्वारा लोकसभा में 132वां संविधान संशोधन विधेयक पेश किए जाने से एक दिन पहले हुई है। भाजपा के महासचिव (संगठन) बीएल संतोष के अलावा, 30 से अधिक सांसदों और मंत्रियों ने प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास, सात लोक कल्याण मार्ग पर उनके साथ चाय पर मुलाकात की।
मेष: दिन शुभ रहेगा...