Last Updated: October 11, 2026

Dainik Savera Times Logo

अधिगृहीत जमीन का मुआवजा बढ़ाने के लिए टावर पर किसान

July 9, 2026

अधिगृहीत जमीन का मुआवजा बढ़ाने के लिए टावर पर किसान

Farmers on the tower to increase compensation : सिरसा। यहां के वैदवाला गांव में अधिगृहीत ज़मीन के बदले बेहतर मुआवज़े की मांग के लिए 9 किसान बिजली टावरों पर चढ़ गए। आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में किसानों के इकट्ठा होने के कारण इलाके में भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।

बात बनी, टावर से उतरे किसान

अधिकारियों और किसानों में बातचीत के बाद ट्रांसमिशन लाइन का काम रुकने पर किसान टावरों से उतरे। भूपेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि बिजली निगम के कर्मचारियों ने उन्हें खेत में जाने से रोक दिया है। कहा गया कि यहां ट्रांसमिशन लाइन लगाने का काम चल रहा है। काफी बहस के बाद वे एक टावर पर चढ़ गए और दूसरे किसानों को इसकी सूचना दी। इसके बाद 8 और किसान, जिनमें एक दिव्यांग भी शामिल था, उनके साथ जुड़ गए। विरोध कर रहे किसानों का दावा था कि बिजली टावरों के लिए इस्तेमाल की जमीन के बदले मिला मुआवज़ा कम है।

विरोध में जुटे आसपास के किसान

उन्होंने मांग की कि सोनीपत सहित कुछ अन्य ज़िलों में दिए गए मुआवज़े की तर्ज़ पर इसे संशोधित किया जाए। जैसे-जैसे विरोध तेज़ हुआ दूसरे गांवों से किसान घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए। टावरों के ऊपर बैठे लोगों के लिए खाने-पीने का सामान और खाटें भेजी गईं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। दिन में बाद में, ज़िला अधिकारियों, बिजली विभाग के प्रतिनिधियों और किसान नेताओं के बीच एक बैठक हुई, जिसमें भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) के प्रदेश अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी और पगड़ी संभाल जट्टा के प्रदेश अध्यक्ष मनदीप नथवान शामिल थे।

लाइन का काम फिलहाल बंद

बैठक के बाद प्रशासन अगले आदेश तक ट्रांसमिशन लाइन का काम रोकने पर सहमत हो गया, जिसके बाद नौ किसान टावरों से नीचे उतर आए।हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम के सब-डिविजनल ऑफिसर कुलदीप सिंह ने बताया कि बिजली आपूर्ति को मज़बूत करने और आपातकालीन स्थिति में वैकल्पिक ट्रांसमिशन रूट प्रदान करने के लिए चोरमार पावर स्टेशन से सिरसा सब-स्टेशन तक 220 KV डबल-सर्किट ट्रांसमिशन लाइन बिछाई जा रही थी।

Also Read :

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें