नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण का मतदान शुरू हो गया है। पांचवें चरण में 8 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों के 49 संसदीय क्षेत्रों में मतदान हो रहा है। इसके साथ ही ओडिशा विधानसभा की 35 विधानसभा सीटों के लिए भी एक साथ मतदान हो रहा है। पांचवें चरण में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, स्मृति ईरानी समेत कई महत्वपूर्ण नेता व केंद्रीय मंत्री चुनाव लड़ रहे हैं।
राजनाथ सिंह उत्तर प्रदेश की लखनऊ लोकसभा सीट से उम्मीदवार हैं। राहुल गांधी इस बार रायबरेली से चुनाव लड़ रहे हैं। स्मृति ईरानी अमेठी से मैदान में हैं। उनके सामने कांग्रेस के केएल शर्मा हैं। वहीं मुंबई से पीयूष गोयल चुनाव लड़ रहे हैं।
5वें चरण में जिन 8 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों में मतदान हो रहा है उनमें बिहार, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, झारखंड, महाराष्ट्र, ओडिशा, उत्तर प्रदेश एवं पश्चिम बंगाल शामिल हैं। इस चरण में मुंबई, ठाणो, लखनऊ जैसे नगरों में मतदान हो रहा है।
मतदान प्रात: 7 बजे शुरू हुआ और शाम 6 बजे समाप्त होगा। पांचवें चरण में 895 करोड़ से अधिक मतदाता हैं। इनमें 4.69 करोड़ पुरुष, 4.26 करोड़ महिला और 5409 तृतीय लिंग (थर्ड जेंडर) मतदाता हैं। लगभग 9.47 लाख अधिकारी, 94,732 मतदान केंद्रों पर तैनात किए गए हैं।
चरण 5 के लिए 85 वर्ष से अधिक आयु के 7.81 लाख से अधिक पंजीकृत मतदाता हैं। 100 वर्ष से अधिक आयु के 24,792 मतदाता और 7.03 लाख दिव्यांग (पीडब्ल्यूडी) मतदाता हैं। इन्हें अपने घर से ही मतदान करने का विकल्प प्रदान किया गया है।
मतदाताओं को किसी भी प्रकार के प्रलोभन दिए जाने से सख्ती से और तेजी से निपटने के लिए कुल 2000 उड़नदस्ते (फ्लाइंग स्क्वॉड), 2105 स्थाई (स्टेटिक) निगरानी टीमें, 881 वीडियो निगरानी टीमें और 502 वीडियो देखने वाली टीमें निगरानी रख रही हैं। कुल 216 अंतरराष्ट्रीय सीमा चौकियां और 565 अंतरराज्यीय सीमा चौकियां शराब, नशीली दवाएं (ड्रग्स), नकदी और मुफ्त वस्तुओं के किसी भी अवैध प्रवाह पर कड़ी निगरानी रख रही हैं। समुद्री और हवाई मार्गों पर कड़ी निगरानी रखी गई है।