
नई दिल्ली। दिल्ली के मुकुंदपुर क्षेत्र में एक पिता अपनी 10 महीने की बच्ची के गुम होने का ड्रामा तब तक करता रहा, जब तक पुलिस ने उसकी खोज नहीं कर ली। वह ऐसा क्यों करता है और इसके पीछे का कारण जानने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
पुलिस के जांच के बाद पूरी सख्ती बरतने पर पता लगा कि इस पिता ने अपनी 10 महीने की मासूम बच्ची की हत्या खुद की है। उसने हत्या के बाद बच्ची के शव को घर के ही सेप्टिक टैंक में फेंक दिया। उसने इस नापाक घटना को छिपाने के लिए बच्ची के चोरी होने की कहानी रची और पुलिस के साथ उसे तलाशने का नाटक करता रहा। पूछताछ में सख्ती के बाद उसने जुर्म कबूल कर लिया। मुकुंदपुर इलाके में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली इस घटना का जब राज खुला तो लोगों के पैरों तले जमीन खिसक गई। सख्ती से पूछताछ करने पर बेटी की हत्या का कारण भी सामने आ गया। इस हत्या का कारण उसकी दूसरी बेटी थी। पिता की पत्नी ने लगातार दूसरी बेटी को जन्म दिया। इस दूसरी बेटी के दुनिया में आने से वह नाराज था। इसी वजह से उसने इस वारदात को अंजाम दिया। हत्या के बाद अपने पाप को छिपाने के लिए उसने बच्ची के शव को घर के ही सेप्टिक टैंक में फेंक दिया और मामले को छिपाने के लिए उसके चोरी होने की कहानी गढ़ दी।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी सुबह से ही पुलिस, मीडिया और आसपास के लोगों को गुमराह करता रहा और सहानुभूति हासिल करता रहा। वह खुद भी पुलिस के साथ बच्ची की तलाश करने का दिखावा करता रहा, जिससे कि उस पर किसी को शक न हो। इलाके में बच्ची के गायब होने की खबर फैलते ही लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस ने भी जांच शुरू कर दी। शुरू में आरोपी ने दावा किया कि बच्ची घर से गायब हो गई है और किसी ने उसका अपहरण कर लिया है। जांच के दौरान पुलिस ने जब उससे सख्ती से पूछताछ की तो वह टूट गया और वारदात स्वीकार कर ली। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घर के सेप्टिक टैंक से मासूम बच्ची का शव बरामद कर लिया।
इसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोग हैरान रह गए कि एक पिता बेटी के साथ इतनी क्रूरता कैसे कर सकता है। बच्ची की दादी ने बताया कि घर में पति-पत्नी के बीच दो बेटियों के लिए विवाद होता था। परिवार में इस बात के लिए तनाव बना रहता था, लेकिन किसी को यह अंदाजा नहीं था कि वह ऐसा कर लेगा। लोगों का कहना है कि आरोपी को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए। दिल्ली पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया और पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब इस बात की जांच में जुटी है कि इस अमानवीय वारदात में आरोपी अकेला शामिल था या फिर परिवार का कोई अन्य सदस्य भी इस साजिश का हिस्सा था। पुलिस मामले के हर पहलू की गहन जांच कर रही है।
Also Read :