Site icon Dainik Savera Times

पिता की शर्मनाक करतूत… दिव्यांग बेटी का लंबे समय तक किया यौन शोषण, हुई गर्भवती

नेशनल डेस्क: मुंबई से इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। कफ परेड इलाके में रहने वाली 20 साल की एक युवती के साथ लंबे समय तक यौन शोषण किया गया, जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि इस घिनौनी हरकत को अंजाम देने वाला कोई और नहीं, बल्कि युवती का अपना पिता था। पीड़िता सुन और बोल नहीं सकती है, जिसकी वजह से वह लंबे समय तक अपनी पीड़ा किसी को बता नहीं सकी।

पेट दर्द की शिकायत से खुला राज

सितंबर 2025 में युवती ने अपनी दादी को पेट में तकलीफ की ओर इशारों से जानकारी दी। उसने हाथों के जरिए बताया कि उसके पेट में अजीब सी हरकत महसूस हो रही है, जैसे कुछ रेंग रहा हो। इसके बाद परिवार उसे मुंबई के कामा एंड अल्बलेस अस्पताल लेकर गया। अस्पताल में की गई मेडिकल जांच में डॉक्टरों को पता चला कि युवती करीब पांच महीने की गर्भवती है। यह जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत पुलिस को सूचित किया।

बयान लेने में पुलिस को आई मुश्किल

पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि युवती बोल और सुन नहीं सकती थी। शुरुआत में वह बयान देने के लिए भी तैयार नहीं थी। पुलिस ने काउंसलिंग की मदद से धीरे-धीरे उसका भरोसा जीता, जिसके बाद वह शिकायत दर्ज कराने के लिए राजी हुई। इस दौरान पुलिस ने युवती के पिता से भी पूछताछ की। पिता ने सभी आरोपों को नकार दिया और किसी भी तरह के यौन शोषण से इनकार किया। उसने शिकायत दर्ज कराने से भी मना कर दिया। पीड़िता की ओर से इशारों में दी गई जानकारी के आधार पर पुलिस ने पहले एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया। इसके अलावा एक 17 साल के नाबालिग लड़के को भी हिरासत में लिया गया। युवती ने इन्हें भी दुष्कर्म करने वालों के रूप में पहचाना था। हालांकि पुलिस को शक था कि मामला इससे कहीं ज्यादा गंभीर है, इसलिए जांच का दायरा बढ़ाया गया।

DNA जांच से सामने आई सच्चाई

पुलिस ने कुल 17 संदिग्धों के DNA और खून के सैंपल लिए, जिनमें युवती का पिता भी शामिल था। इन सभी सैंपल्स को गर्भ में पल रहे भ्रूण के DNA से मिलान के लिए लैब भेजा गया। 27 जनवरी 2026 को आई रिपोर्ट ने सबको चौंका दिया। जांच में केवल एक ही DNA मैच पॉजिटिव पाया गया, जो युवती के पिता का था। इसके बाद पुलिस ने पिता को तुरंत गिरफ्तार कर लिया।

लंबे समय से हो रहा था शोषण

पुलिस के मुताबिक, यह यौन शोषण मार्च 2025 से लेकर 21 सितंबर 2025 के बीच कई बार हुआ। मामले में अब यह भी जांच की जा रही है कि क्या इसमें और लोग शामिल थे और पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों की भूमिका क्या थी।

जांच अभी जारी

फिलहाल आरोपी पिता पुलिस हिरासत में है और उससे पूछताछ जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इतने लंबे समय तक यह अपराध कैसे छिपा रहा और परिवार या आसपास के लोगों को इसकी भनक क्यों नहीं लगी। यह मामला न सिर्फ कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है, बल्कि यह भी दिखाता है कि दिव्यांग महिलाओं की सुरक्षा को लेकर समाज और सिस्टम को और ज्यादा सतर्क होने की जरूरत है।

Exit mobile version