Last Updated: November 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

गेटवे ऑफ इंडिया के पास अरब सागर में फेरी बोट हुई खराब

September 4, 2026

गेटवे ऑफ इंडिया के पास अरब सागर में फेरी बोट हुई खराब

मुंबई: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में गुरुवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया। गेटवे ऑफ इंडिया के पास अरब सागर में 38 लोगों को ले जा रही एक फेरी बोट अचानक खराब हो गई। नाव में 34 यात्री और 4 क्रू मेंबर सवार थे। गनीमत रही कि समय रहते दूसरी बोट मदद के लिए पहुंच गई और सभी को सुरक्षित गेटवे ऑफ इंडिया जेट्टी पर वापस लाया गया।

जानकारी के मुताबिक, अनवारी नाम की यह फेरी बोट गेटवे ऑफ इंडिया से आधे घंटे की समुद्री सैर कराती है। गुरुवार रात करीब 8.30 बजे यह बोट सैर के बाद गेटवे ऑफ इंडिया की ओर लौट रही थी, तभी इसमें तकनीकी खराबी आ गई। उस वक्त बोट गेटवे ऑफ इंडिया से करीब 1.5 नॉटिकल मील दूर समुद्र में थी और उसने अचानक काम करना बंद कर दिया।

समुद्र के बीच बोट रुकने से यात्रियों में दहशत फैल गई। क्रू मेंबर ने तुरंत कंट्रोल रूम को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस हरकत में आई और तुरंत स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने पास में मौजूद फेरी ऑपरेटरों को अलर्ट किया।

कुछ ही मिनटों में एक दूसरी रेस्क्यू फेरी बोट मौके पर पहुंची। उसने खराब हुई अनवारी फेरी को रस्सी से बांधकर खींचते हुए गेटवे ऑफ इंडिया जेट्टी की ओर लाना शुरू किया। पुलिस, फेरी ऑपरेटर और क्रू मेंबर के बीच बेहतर तालमेल के चलते रेस्क्यू ऑपरेशन तेजी से पूरा हुआ।

सभी 34 यात्रियों और 4 क्रू मेंबर्स को सुरक्षित किनारे पर लाया गया। किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है। सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं। मुंबई पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में बोट में तकनीकी खराबी की बात सामने आई है। बोट के इंजन में दिक्कत आई थी। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और फेरी के फिटनेस व सुरक्षा मानकों की भी जांच होगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें