Last Updated: November 16, 2026

Dainik Savera Times Logo

पांच सदियों का इंतजार होगा खत्म, अभिजीत मुहुर्त में विराजेंगे रामलला

January 21, 2024

पांच सदियों का इंतजार होगा खत्म, अभिजीत मुहुर्त में विराजेंगे रामलला

लखनऊ। करोड़ों रामभक्तों का पांच सदियों का इंतजार सोमवार को समाप्त होगा जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत देश की गणमान्य हस्तियों की मौजूदगी में अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य राममंदिर में शंख ध्वनि के बीच रामलला की श्यामल किशोरावस्था प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा की जायेगी, साथ ही अस्थायी मंदिर में वर्षो तक विराजमान रहे राम, लक्ष्मण और मां जानकी की मूर्तियों के दर्शन नये भवन में सुलभ हो सकेंगे। श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट के अनुसार श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा दोपहर साढ़े 12 बजे अभिजीत मुहुर्त में संपन्न होगी। पंचांग के अनुसार 22 जनवरी को पौष मास के शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि रहेगी। इस दिन अभिजीत मुहूर्त के अलावा सर्वार्थ सिद्धि योग, अमृत सिद्धि योग और रवि योग जैसे कई शुभ योग बन रहे हैं। भगवान राम का जन्म त्रेता युग में अभिजीत मुहूर्त में ही हुआ था। इस मुहूर्त को बहुत शुभ माना गया है। यही कारण है कि मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा इसी मुहूर्त में की जा रही है।

इस भव्य कार्यक्रम में भाग लेने के लिये प्रधानमंत्री सुबह 10 बज कर 55 मिनट पर रामजन्मभूमि स्थल पहुंचेंगे और 12 बज कर पांच मिनट से लेकर 12 बजकर 55 मिनट तक प्राण प्रतिष्ठा समारोह में अपनी उपस्थिति दर्ज करायेंगे। प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के उपरांत प्रधानमंत्री मर्यादा पुरुषोत्तम के आराध्य का दर्शन पूजन कूबर टीला शिव मंदिर में करेंगे। प्राण प्रतिष्ठा के दौरान हेलीकाप्टर के जरिये मंदिर में पुष्प वर्षा की जायेगी जबकि विभिन्न प्रांतों के संगीतवादक वाद्य यंत्रों से मंगल ध्वनि की छटा बिखरेंगे।

इस बीच श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येन्द्र दास ने रविवार को बताया कि अस्थायी मंदिर में विराजमान राम जानकी की प्रतिमाओं को एकादशी यानी आज शाम आठ बजे श्रीरामजन्मभूमि पर नवनिर्मित मंदिर में ले जाया जायेगा। भगवान की नयी प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा के साथ ही नये मंदिर में 1949 से पूजित प्रतिमाओं के दर्शन पूजन किये जा सकेंगे।

प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में भाग लेने के लिये आमंत्रित देश की जानी मानी हस्तियों का आगमन रामनगरी में शुरु हो चुका है। राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत रविवार को अयोध्या जाने के लिये राजधानी लखनऊ पहुंचे वहीं योग गुरु रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, डॉ परमानंद सरस्वती, गीता मनीषी, निर्मलानंद माधव प्रिया दास, आचार्य कृष्ण मणि, सतुआ बाबा, आलोक दास रामनगरी में अपनी उपस्थिति दर्ज करायेंगे। सभी साधु संतों ने हनुमानगढ़ी का दर्शन पूजन करेंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें