नेशनल डेस्क: पटना जिले के दानापुर दियारा इलाके में रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। अकीलपुर थाना क्षेत्र के मानस पंचायत के मानस नया पानापुर गांव में एक घर की छत अचानक गिर गई, जिससे एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन मासूम बच्चे शामिल हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे के समय पूरा परिवार गहरी नींद में था। अचानक तेज आवाज के साथ पूरी छत भरभरा कर गिर गई। देखते ही देखते पूरा घर मलबे में बदल गया। आसपास के लोग आवाज सुनकर दौड़े और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
ये भी पढ़ें: मोदी-शाह कहीं भी चले जाएं, ‘वोट चोरी’ के लिए एक दिन पकड़े जाएंगे : राहुल
कुछ देर बाद अकीलपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद सभी पांच शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।
मृतकों की पहचान बबलू (36), उसकी पत्नी रोशन खातून (32), बेटी रुखसार (12), बेटा चांद (10) और सबसे छोटी बेटी चांदनी (2) के रूप में हुई है। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। परिजन और पड़ोसी बेसुध होकर रो रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि बबलू को यह मकान कुछ साल पहले प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिला था। लेकिन मकान की दीवारें और छत बहुत कमजोर थीं। आर्थिक तंगी के कारण बबलू इसकी मरम्मत नहीं करवा पाया। गांववालों ने प्रशासन से मांग की है कि इस घटना की पूरी जांच की जाए और पीड़ित परिवार के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि आगे किसी और गरीब परिवार के साथ ऐसा हादसा न हो।
ये भी पढ़ें: उत्तराखंड: धामी सरकार ने यूसीसी व धर्मातरण विरोधी कानून बनाकर साहसिक कदम उठाया : PM Modi
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

