Site icon Dainik Savera Times

पति की कब्र के पास दफनाई जाएगी बांग्लादेश की पूर्व PM, जनाजे में शामिल होंगे भारतीय विदेश मंत्री

khalida zia funeral

khalida zia funeral

इंटरनेशनल डेस्क: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) की अध्यक्ष खालिदा जिया का मंगलवार को निधन हो गया। वह 80 वर्ष की थीं और लंबे समय से बीमार चल रही थीं। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे बांग्लादेश में शोक की लहर दौड़ गई। खालिदा जिया तीन बार बांग्लादेश की प्रधानमंत्री रहीं और देश की राजनीति में उनका अहम योगदान रहा है। उनके निधन को देश के लिए एक बड़ी राजनीतिक क्षति माना जा रहा है।

आज होगा अंतिम संस्कार

सरकारी जानकारी के अनुसार, खालिदा जिया का अंतिम संस्कार आज बुधवार को किया जाएगा। जोहर की नमाज के बाद उनका जनाजा निकाला जाएगा। इसके बाद उन्हें ढाका के शेर-ए-बांग्ला नगर स्थित जिया उद्यान में उनके पति और बांग्लादेश के पूर्व राष्ट्रपति जियाउर्रहमान की कब्र के पास सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।

ये भी पढ़ें: नए साल पर नहीं मिलेगा ऑनलाइन खाना, Swiggy-Zomato वर्कर्स की देशभर में हड़ताल

बैठक में लिया गया फैसला

अंतरिम सरकार के सलाहकार परिषद की एक विशेष बैठक के बाद यह फैसला लिया गया। कानून सलाहकार आसिफ नजरुल ने बताया कि खालिदा जिया को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी। जनाजे की नमाज संसद भवन के साउथ प्लाजा और मानिक मियां एवेन्यू के पास अदा की जाएगी।

विदेशी नेता होंगे शामिल

खालिदा जिया के अंतिम संस्कार में कई देशों के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर भी आज ढाका पहुंचेंगे। इसके अलावा पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार के भी जनाजे में शामिल होने की संभावना है।

तीन दिन का राजकीय शोक

खालिदा जिया के निधन पर अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस ने देश में तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। साथ ही जनाजे वाले दिन सरकारी अवकाश भी रहेगा। खालिदा जिया का जाना बांग्लादेश की राजनीति में एक युग के अंत के रूप में देखा जा रहा है। उनके समर्थक और पार्टी कार्यकर्ता उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

Video: कश्मीर में 24 घंटे में आग लगने की 11 घटनाएं दर्ज की गईं

Exit mobile version