नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश के सबसे लंबे गंगा एक्सप्रेसवे पर अब सफर करना महंगा हो गया है। 15 मई तक इस एक्सप्रेसवे पर यात्रा करने के लिए किसी तरह का टोल नहीं लिया जा रहा था, लेकिन अब यहां से गुजरने वाले वाहनों को टोल टैक्स देना होगा। इस एक्सप्रेसवे का उद्घाटन पिछले महीने नरेंद्र मोदी ने किया था। मेरठ से शुरू होकर प्रयागराज तक जाने वाला यह एक्सप्रेसवे करीब 594 किलोमीटर लंबा है और इसे उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा एक्सप्रेसवे माना जा रहा है।
अब अलग-अलग वाहनों के लिए टोल की दरें भी तय कर दी गई हैं। दोपहिया वाहन, तीन पहिया वाहन और ट्रैक्टर के लिए 1.28 रुपये प्रति किलोमीटर का टोल देना होगा। वहीं कार, जीप, वैन और हल्के मोटर वाहनों के लिए यह दर 2.50 रुपये प्रति किलोमीटर रखी गई है। इसके अलावा लाइट कमर्शियल वाहन, मिनी बस और इसी श्रेणी के दूसरे वाहनों के लिए 4.95 रुपये प्रति किलोमीटर का शुल्क तय किया गया है। बस और ट्रक चालकों को 8.20 रुपये प्रति किलोमीटर के हिसाब से टोल देना होगा। वहीं मल्टीएक्सल वाहन, भारी मशीनरी और अर्थमूविंग वाहनों के लिए 12.60 रुपये प्रति किलोमीटर का टोल निर्धारित किया गया है। ओवरसाइज वाहनों के लिए सबसे ज्यादा 16.10 रुपये प्रति किलोमीटर का शुल्क रखा गया है।
ये भी पढ़ें: AAP मंत्री संजीव अरोड़ा को गुरुग्राम कोर्ट ने भेजा जेल, परिवार से मिलकर हुए भावुक
गंगा एक्सप्रेसवे को आधुनिक तकनीक के साथ तैयार किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, इसे सीबीआर यानी कैलिफोर्निया बेयरिंग रेशियो तकनीक से बनाया गया है, जिससे सड़क मजबूत और टिकाऊ बनी रहे। सड़क पर 100 मिलीमीटर मोटी डामर की परत बिछाई गई है, ताकि गर्मी, बारिश और हर मौसम में सड़क सुरक्षित बनी रहे।
यह एक्सप्रेसवे मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज समेत 12 बड़े जिलों को जोड़ता है। इसके शुरू होने से पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के बीच सफर काफी आसान और तेज हो जाएगा।
ये भी पढ़ें: प्रयागराज हाईवे पर चलती रोडवेज बस में लगी आग, सवार थे 42 यात्री, मचा हड़कंप
इस एक्सप्रेसवे की एक और खास बात यह है कि आपात स्थिति में यहां वायुसेना के विमान भी उतर सकेंगे। इसके लिए 3.2 किलोमीटर लंबी एयरस्ट्रिप बनाई गई है। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए पूरे एक्सप्रेसवे पर इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम, सीसीटीवी कैमरे, इमरजेंसी कॉल बॉक्स, एम्बुलेंस और पेट्रोलिंग जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।

