grandson shoots his grandfather : करनाल। जायदाद का लालच जब सिर चढ़कर बोलता है, तो रिश्तों की नींव भी बिखर जाती है। करनाल के बड़ा गांव में ऐसा ही दिल दहला देने वाला मामला सामने आया, जहां संपत्ति विवाद ने एक परिवार को हमेशा के लिए उजाड़ दिया।
वसीयत से नाराज था पोता
आरोप है कि वसीयत से नाराज 30 वर्षीय पोते ने अपने ही 70 वर्षीय दादा को गोलियों से छलनी कर मौत के घाट उतार दिया। जिस बुजुर्ग ने पोते को गोद में खिलाया, उसी की जिंदगी का अंत उसके हाथों हो गया। इस वारदात ने न केवल पूरे गांव को झकझोर दिया, बल्कि रिश्तों की बदलती तस्वीर पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस वारदात के बाद से पूरे गांव में दहशत का माहौल है और परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतक बुजुर्ग की पहचान 70 वर्षीय दर्शन सिंह के रूप में हुई है।
पशुओं के बाड़े में थे दादा

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दर्शन सिंह के परिवार में पिछले कुछ समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। दर्शन सिंह की ओर से की गई एक वसीयत से उनका 30 वर्षीय पोता सोनू बुरी तरह नाराज था। इसी नाराजगी और रंजिश के चलते सोनू ने अपने ही दादा की जान लेने का खौफनाक फैसला कर लिया। गुरुवार को जब दर्शन सिंह अपने घर के पास बने पशुओं के बाड़े में रोजाना की तरह काम कर रहे थे, तभी आरोपी सोनू वहाँ हथियारों के साथ पहुंचा। (grandson shoots his grandfather )
समझने से पहले ही की फायरिंग
इससे पहले कि बुजुर्ग कुछ समझ पाते, सोनू ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। दर्शन सिंह को करीब तीन से चार गोलियां लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। गोलियों की गड़गड़ाहट सुनकर जब तक आस – पड़ोस के लोग और ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हुए, आरोपी सोनू अपनी बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो चुका था। दिनदहाड़े हुई इस हत्या की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक जांच टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
शुरुआती जांच में मामला संपत्ति का
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया है। सतीश गौतम, डीएसपी, करनाल ने बताया शुरुआती जांच में हत्या की वजह संपत्ति का विवाद सामने आई है। बुजुर्ग दर्शन सिंह को उनके पोते सोनू ने गोली मारी है। आरोपी को जल्द से जल्द दबोचने के लिए पुलिस की 4 विशेष टीमें गठित की गई हैं। मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है और जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होगा। (grandson shoots his grandfather )
Also Read :