Last Updated: September 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

NEET विवाद, राष्ट्रव्यापी अभियान, पंजाब पहुंच कांग्रेसी नेता ने मांगा इस्तीफा

June 25, 2026

NEET विवाद, राष्ट्रव्यापी अभियान, पंजाब पहुंच कांग्रेसी नेता ने मांगा इस्तीफा

NEET controversy, Congress nationwide campaign : चंडीगढ़। देश की शिक्षा व्यवस्था इस समय पूरी तरह से वेंटिलेटर पर है। नीट के लीक होने जैसी लापरवाही के कारण देश भर में 20 से अधिक छात्रों ने अभी तक आत्महत्या की है। यह देश की शिक्षा व्यवस्था पर एक सवालिया निशान है।

कांग्रेस 40 दिन तक करेगी जागरूक

चंडीगढ़ के प्रेस क्लब में पंजाब कांग्रेस ने छात्रों की गूंज अभियान की शुरुआत की। इस मौके पर राज्यसभा में कांग्रेस के सदस्य राजीव शुक्ला और पंजाब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग और चंडीगढ़ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष एचएस लकी सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे। राजीव शुक्ला ने कहा कि आज से देश के 28 शहरों में केंद्र सरकार के खिलाफ NEET जैसी परीक्षाओं में घोर लापरवाही को लेकर सरकार से जवाब मांगा जाएगा। अगले 40 दिनों तक पंजाब कांग्रेस सभी कॉलेज यूनिवर्सिटी में जाकर युवाओं को जागरूक करेगी और इसके बाद 9 अगस्त को दिल्ली में देशभर से युवा एकजुट होकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे।

पेपर लीक होना गंभीर मुद्दा

शुक्ला ने कहा कि यह एक बहुत ही गंभीर मुद्दा है, आज देश में छात्रों की परीक्षा से लेकर नौकरी के पेपर लीक हो रहे हैं, लेकिन सरकार पूरी तरह से मौन बैठी है। उन्होंने इस मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से तुरंत इस्तीफा देने की मांग भी दोहराई। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ और अभिभावकों की आशाओं पर पानी फेरा जा रहा है। युवा आज पूरी तरह से मानसिक तौर पर टूट चुके हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की कोटा में हुई रैली में परीक्षा व्यवस्था के खिलाफ युवाओं का जबरदस्त रोष देखने को मिला। सरकार में कोई भी जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं है। शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस की मांग है कि शिक्षा मंत्री तुरंत इस्तीफा दें साथ ही पूरी परीक्षा व्यवस्था में बदलाव किया जाए और परीक्षाओं और नौकरी को लेकर होने वाली टेस्ट का सालाना कैलेंडर जारी किया जाए, जिससे कि युवाओं को इसके बारे में पहले से ही पूरी जानकारी हो।

काले झंडे दिखाकर प्रदर्शन

पंजाब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह ने कहा कि छात्रों की गूंज अभियान नौजवानों की लड़ाई को पूरे पंजाब में पंजाब कांग्रेस की ओर से पूरा समर्थन रहेगा। उन्होंने कहा कि पंजाब के हर जिले में अगले 40 दिनों तक युवाओं को एकजुट किया जाएगा। चंडीगढ़ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष एचएस लकी ने कहा कि आज केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान चंडीगढ़ शहर में है और युवाओं ने उन्हें काले झंडे दिखाकर विरोध प्रदर्शन किया है। आने वाले दिनों में भी चंडीगढ़ कांग्रेस इस अभियान को सभी शैक्षणिक संस्थानों तक पहुंच कर युवाओं को जागरूक करेगी।

Also Read :

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें