Last Updated: October 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

गुजरातः अहमदाबाद के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस ने बच्चों को भेजा घर

December 17, 2025

गुजरातः अहमदाबाद के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस ने बच्चों को भेजा घर

नेशनल डेस्क। गुजरात के अहमदाबाद में 7 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना सामने आई। धमकी मिलने पर गुजरात पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बम की तलाशी के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया।

स्कूल में की गई छुट्टी

जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 1:30 बजे विद्यालयों को धमकी भरा संदेश मिलने के बाद स्कूल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी। धमकी की जानकारी मिलते ही संबंधित विद्यालयों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्कूल प्रबंधन ने तत्काल एहतियाती कदम उठाए। सभी विद्यार्थियों को छुट्टी दे दी गई और शिक्षकों व स्टाफ की निगरानी में बच्चों को सुरक्षित रूप से स्कूल परिसर से बाहर निकाला गया। कई स्कूलों के बाहर अभिभावकों की भीड़ जमा हो गई, जो अपने बच्चों को सुरक्षित ले जाने पहुंचे।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस के साथ बम डिस्पोजल स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीमें भी तुरंत मौके पर पहुंचीं। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे स्कूल परिसरों को खाली कराकर सघन तलाशी अभियान चलाया। कक्षाओं, कार्यालयों, शौचालयों, पार्किंग क्षेत्र और आसपास के इलाकों की बारीकी से जांच की गई, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके।

इन स्कूलों को उड़ाने की धमकी

  • जेबर स्कूल
  • जायडस स्कूल
  • महाराजा अग्रसेन स्कूल
  • सीबीएसई डिवाइन चाइल्ड स्कूल
  • निर्माण स्कूल
  • जेम्स एंड जेनेसिस
  • डीएवी इंटरनेशनल स्कूल

विद्यालय परिसर से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं

कई घंटों तक चली तलाशी के बाद फिलहाल किसी भी विद्यालय परिसर से कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है। हालांकि, एहतियातन सभी स्कूलों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा किया गया है। प्रशासन ने स्थिति पर पूरी तरह नियंत्रण होने की बात कही है।

धमकी देने वाले व्यक्ति की जांच शुरू

पुलिस ने धमकी देने वाले व्यक्ति या मोबाइल नंबर की जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल की मदद से संदेश के स्रोत, लोकेशन और तकनीकी विवरण खंगाले जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है और दोषी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद शहर में सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि बच्चों और नागरिकों की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

जल्द ही आरोपी को किया जाएगा गिरफ्तारः पुलिस

इसको लेकर पुलिस अधिकारियों ने बताया कि विद्यालयों को धमकी भरा संदेश भेजने वाले की तलाश की जा रही है। इसके लिए कई टीमें काम कर रही है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें